‘ऑपरेशन विधि पालक युवक’ अभियान के तहत छात्रों को किया जागरूक, महिला-बालिका सुरक्षा की दी जानकारी

Begusarai News : बेगूसराय के स्कूल में ऑपरेशन विधिपालक युवक अभियान के तहत छात्रों को महिला सुरक्षा और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। जानिए पूरी खबर यहाँ।

Begusarai News : बिहार पुलिस मुख्यालय, अपराध अनुसंधान विभाग एवं कमजोर वर्ग प्रभाग-महिला अपराध कोषांग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन विधि पालक युवक’ के तहत बरौनी प्रखंड के उत्क्रमित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय असुरारी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर 21 जुलाई से 10 अगस्त तक चलाए जा रहे इस अभियान के तहत कार्यक्रम का आयोजन पुलिस प्रशासन बेगूसराय की ओर से गठित पुलिस दीदी अभया ब्रिगेड टीम, मानव तस्करी निरोधी इकाई तथा जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन के सहयोगी संगठन वैशाली समाज कल्याण संस्थान एवं एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया.

महिला और बालिका सुरक्षा को लेकर छात्रों को किया जागरूक

कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को महिलाओं एवं बालिकाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार करने और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाने के लिए प्रेरित किया गया. साथ ही महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई. कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाध्यापिका वेनुजा कुमारी ने की.

सम्मानजनक व्यवहार के लिए युवाओं से सहयोग की अपील

बरौनी थाना की पुलिस अवर निरीक्षक साक्षी कुमारी ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं के सहयोग और प्रयास से ही समाज में महिलाओं और बालिकाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार का वातावरण तैयार किया जा सकता है. उन्होंने छात्रों से सामाजिक बदलाव में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाने की अपील की. महिला थानाध्यक्ष जागृति कुमारी ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार को अपनाने के साथ उनसे जुड़े अपराधों को छिपाने के बजाय इसकी जानकारी पुलिस को देनी चाहिए. उन्होंने छात्रों से विधि पालक युवक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की, ताकि अपराध मुक्त समाज के निर्माण को मजबूती मिल सके.

अपराधों की रोकथाम के कानूनी प्रावधानों की दी जानकारी

एससी-एसटी थानाध्यक्ष रविरंजन कुमार ने महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम से संबंधित कानूनी प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने छात्रों को कानून के प्रति जागरूक रहने और किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिलने पर उचित माध्यम से सूचना देने के लिए प्रेरित किया. मानव तस्करी निरोधी इकाई के पुलिस निरीक्षक राजेश कुमार ने मानव तस्करी, बाल तस्करी, बाल श्रम और बंधुआ मजदूरी जैसे अपराधों की रोकथाम को पुलिस की जिम्मेदारी बताया. उन्होंने कहा कि जब युवा विधि पालक नागरिक के रूप में सक्रिय होंगे, तो ऐसे अपराधों की रोकथाम में पुलिस को और मजबूती मिलेगी.

बाल तस्करी और बाल विवाह रोकने पर दिया जोर

जेआरसी के सहयोगी संगठन वैशाली समाज कल्याण संस्थान के प्रतिनिधि राजमणि रंजन ने बच्चों के संरक्षण के लिए प्रखंड से लेकर पंचायत और वार्ड स्तर तक बाल कल्याण एवं संरक्षण समितियों को सक्रिय करने की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि इससे बाल तस्करी, बाल विवाह और बाल श्रम जैसी सामाजिक कुरीतियों पर प्रभावी तरीके से रोक लगाने में मदद मिलेगी.

हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी

एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन के विजय प्रताप ने बच्चों को महिलाओं और बालिकाओं के सम्मान के प्रति सामूहिक रूप से संकल्प दिलाया. उन्होंने साइबर अपराध समेत महिलाओं और बच्चों से जुड़े अपराधों की जानकारी संबंधित हेल्पलाइन पर देने के लिए जागरूक किया. बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस हेल्पलाइन 112 और साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी गई.

शिक्षक और सामुदायिक कार्यकर्ता रहे मौजूद

कार्यक्रम में संस्थान की सामुदायिक कार्यकर्ता सरिता कुमारी, विद्यालय के शिक्षक बमबम कुमार, शिक्षिका कंचन कुमारी, ज्योति निधि समेत अन्य शिक्षक एवं कर्मी मौजूद रहे. कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने महिला एवं बालिका सुरक्षा, कानून और साइबर अपराध से जुड़े विषयों पर जानकारी प्राप्त की.

Also Read : कांवर झील के संरक्षण और जैविक खेती को बढ़ावा देने पर जोर, जैव विविधता प्रबंधन समितियों की बैठक


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Bipin Kumar Mishra

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >