Begusarai Crime: बीहट में स्कॉर्पियो सवार पर फायरिंग, मिस फायर से बची जान; 2 कारतूस संग आरोपी गिरफ्तार

बीहट में स्कॉर्पियो सवार युवक पर हथियारबंद बदमाशों ने जानलेवा हमला किया, लेकिन मिसफायर होने से उसकी जान बच गई. शोर मचाने पर पुलिस पहुंची और एक आरोपी को दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया. यह घटना पुरानी रंजिश का नतीजा बताई जा रही है.

Begusarai Crime: जिले के एफसीआई थाना क्षेत्र स्थित बीहट चांदनी चौक के पास अपराधियों के दुस्साहस का सनसनीखेज मामला सामने आया है. मंगलवार को बीहट बाजार से घरेलू कार्य निपटा कर अपने घर लौट रहे एक स्कॉर्पियो सवार युवक को निशाना बनाकर हथियारबंद बदमाशों ने फायरिंग कर दी. हालांकि, ऐन वक्त पर हथियार से मिस फायर हो जाने के कारण स्कॉर्पियो सवार युवक की जान बाल-बाल बच गई. घटना के बाद आसपास के इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

शोर मचाने पर पहुंची पुलिस, एक पकड़ाया

हमला होते ही स्कॉर्पियो सवार युवक ने सूझबूझ दिखाते हुए जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया. आवाज सुनकर आसपास मौजूद स्थानीय नागरिक और गश्त कर रही पुलिस टीम तत्काल मौके की ओर दौड़ पड़ी. भीड़ और पुलिस को अपनी ओर आता देख गोली चलाने वाला मुख्य हमलावर मौका पाकर भागने में सफल रहा, लेकिन उसके दूसरे साथी को स्थानीय लोगों और पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया. पुलिस ने मौके से आरोपी की बुलेट मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है.

तलाशी में बरामद हुए दो जिंदा कारतूस

हिरासत में लिए गए युवक की पहचान बीहट इब्राहिमपुर टोला शहरबन्ना वार्ड संख्या 29 निवासी अभिषेक कुमार के रूप में की गई है. पुलिसकर्मियों द्वारा मौके पर ली गई तलाशी के दौरान उसके पास से दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए. घटना के संबंध में पीड़ित बीहट इब्राहिमपुर टोला निवासी स्वर्गीय दिलीप सिंह के पुत्र सुमित कुमार ने एफसीआई थाने में लिखित तहरीर देकर हत्या की नीयत से हमला करने की प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस ने कांड संख्या 94/26 दर्ज कर मामले की तकनीकी व कानूनी जांच शुरू कर दी है.

पुरानी रंजिश में दिया गया घटना को अंजाम

स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार, इस जानलेवा हमले की जड़ें पुरानी आपसी रंजिश से जुड़ी हैं. कुछ दिनों पूर्व आरोपी गोलू कुमार और पीड़ित सुमित कुमार के बीच किसी बात को लेकर तीखी झड़प हुई थी. उस समय परिजनों और समाज के प्रबुद्ध लोगों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत करा दिया था, लेकिन आरोपियों के मन में बदले की भावना बनी हुई थी. इसी रंजिश के तहत वारदात की योजना बनाई गई थी.

थानाध्यक्ष बोले- जांच जारी, होगी कड़ी कार्रवाई

मामले को लेकर एफसीआई थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि "पीड़ित पक्ष से प्राप्त आवेदन के आधार पर गोलू कुमार और अभिषेक कुमार के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. मौके से गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है, जबकि फरार मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर सघन छापेमारी शुरू कर दी गई है." पुलिस का कहना है कि किसी भी सूरत में कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा.

Also Read: Barauni NTPC: मांगों को लेकर आर-पार के मूड में मजदूर, 10 सितंबर से गेट पर अनिश्चितकालीन धरना

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By बिपिन कुमार राज

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >