Begusarai News : बरौनी में स्थानीय सत्संग बिहार, बरौनी स्थित मंदिर परिसर में शुक्रवार को परम पूज्यनीय श्री श्री मां की 133वीं जयंती श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण के बीच धूमधाम से मनाई गई. इस अवसर पर मंदिर परिसर श्रद्धालुओं के जयकारों से गुंजायमान रहा. कार्यक्रम की शुरुआत भव्य मातृ सम्मेलन और सत्संग से हुई.
बड़ मां के त्याग और समर्पण पर हुई चर्चा
सत्संग के दौरान ऋत्विकों ने परम पूज्यनीय श्री श्री ठाकुर अनुकूलचंद्र के जीवन में बड़ मां के सान्निध्य, त्याग और समर्पण पर विस्तार से प्रकाश डाला. वक्ताओं ने कहा कि गृहस्थ जीवन में रहते हुए भी इष्ट (ईश्वर) से जुड़कर मनुष्य अपने जीवन को सफल बना सकता है और बड़ मां का जीवन इसका श्रेष्ठ उदाहरण है. उन्होंने उपस्थित महिलाओं से श्री श्री ठाकुर द्वारा प्रतिपादित नारी नीति के सिद्धांतों का पालन कर परिवार एवं समाज में आदर्श स्थापित करने का आह्वान किया.
महिलाओं ने भी रखे अपने विचार
मातृ सम्मेलन में रीना जी सहित अन्य महिलाओं ने भी बड़ मां के जीवन, उनकी शिक्षाओं और आदर्शों पर अपने विचार व्यक्त किए. सत्संग की अध्यक्षता ऋत्विक सुरेश राय ने की. कार्यक्रम में ऋत्विक विकास सिन्हा, मोहन राय, उमेश महतो, विजय सिंह, प्रवीण कुमार सिंह, अरुण कुमार श्रीवास्तव, ओम नारायण, अनिल कुमार राय, मुकेश कुमार, अभिजीत सिन्हा, अर्जुन ठाकुर, जितेंद्र कुमार एवं चंद्रदेव राय सहित बड़ी संख्या में सत्संगी और श्रद्धालु उपस्थित रहे.
महाप्रसाद में शामिल हुए सैकड़ों श्रद्धालु
मातृ सम्मेलन एवं जन्मोत्सव सत्संग के समापन के बाद भव्य भंडारे (महाप्रसाद) का आयोजन किया गया. इसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया और आयोजन की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की.
