Begusarai News : आठ वर्षों से नहीं हो रहा सम्राट अशोक भवन का निर्माण

सरकार द्वारा बहुत सारी विकास योजनाओं की घोषणा तो हो जाती है, परंतु उन योजनाओं को धरातल पर उतारने के बाद जनता को उसका लाभ मिल पाता है. ऐसी ही एक योजना नगर निकाय क्षेत्रों के लिए लगभग आठ वर्ष पूर्व बनी थी जिसके तहत शहरी क्षेत्रों में एक बहुउद्देशीय सम्राट अशोक भवन का निर्माण करना था. आठ साल से योजना पर काम शुरू नहीं हुआ है.

बेगूसराय. सरकार द्वारा बहुत सारी विकास योजनाओं की घोषणा तो हो जाती है, परंतु उन विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने के बाद जनता को उसका लाभ मिल पाता है. ऐसी ही एक योजना नगर निकाय क्षेत्रों के लिए लगभग आठ वर्ष पूर्व बनी थी जिसके तहत शहरी क्षेत्रों में एक बहुउद्देशीय सम्राट अशोक भवन का निर्माण करना था. राज्य के कई शहरी क्षेत्रों में सम्राट अशोक भवन का निर्माण हो भी गया, परंतु बेगूसराय नगर निगम में यह योजना वर्ष 2016-17 से अधर में लटकी हुई है. सम्राट अशोक भवन के लिए तत्कालीन महापौर उपेंद्र प्रसाद सिंह के कार्यकाल में भूमि का चयन कर लिया गया था. पसपुरा चौक के निकट मंदिर के सामने भूमि पर शिलान्यास के साथ साथ ठेकेदार द्वारा कार्य भी शुरू होने वाला था. परंतु स्थानीय लोगों द्वारा कोई खेल का मैदान नहीं होने की बात बताकर उक्त स्थल पर सम्राट अशोक भवन निर्माण पर रोक लगा दी गयी और तब से भवन निर्माण कार्य अधर में लटका पड़ा हुआ है. शहर के लोग भवन निर्माण होने की आस लगाए बैठे हैं. वर्तमान महापौर पिंकी देवी की अध्यक्षता में तीन माह पूर्व हुए सामान्य बोर्ड की बैठक में फिर से नये भूमि के चयन को भी बैठक में स्वीकृति भी मिल चुकी है. परंतु भवन निर्माण की कोई सुगबुगाहट भी नजर नहीं आ रही है. तत्कालीन शहरी विकास मंत्री सम्राट चौधरी ने इस योजना को मंजूरी दी थी. सम्राट अशोक भवन बनाने के लिए हर शहर में जमीन का चयन करना निर्धारित की गयी थी. निकायों को अंचल कार्यालय की मदद से जमीन की तलाश करनी थी. दक्षिण बिहार में सम्राट अशोक भवन की लागत 1.35 करोड़ और उत्तर बिहार में 1.39 करोड़ निर्धारित की गयी थी, जो अब बढ़कर 1.59 करोड़ कर दी गयी है.

लोगों को कम कीमत पर भवन की मिलेगी सुविधा

सम्राट अशोक भवन में एक ओर जहां प्रशासनिक महकमे के लोग उसका उपयोग कर सकेंगे. साथ ही संसाधनों से युक्त उक्त भवन का लाभ शहरवासियों को भी मिलेगा. किसी कार्यक्रम के लिए शहर के लोगों को कम कीमत की अदायगी पर ही भवन की सुविधा मुहैया करायी जायेगी. जरूरतमंदों को इसके लिए कार्यक्रम से संबंधित कागजात संलग्न करने होंगे. भवन में कई कमरे के अलावा बड़ा हॉल बनेगा. बिजली, पानी और शौचालय की समुचित व्यवस्था रहेगी. रखरखाव के लिए केयर टेकर बहाल किये जायेंगे. चूंकि उक्त महत्वपूर्ण योजना लंबे समय से लंबित पड़ी है. बेगूसराय शहर के लोग इस योजना के लाभ से वंचित हैं. इस संबंध में नगर निगम की महापौर पिंकी देवी ने कहा कि बिहार सरकार व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ड्रीम प्रोजेक्ट के तहत सम्राट अशोक भवन निर्माण के लिए जमीन चयन कर ली गयी है. रतनपुर स्थित नगर निगम की भूमि ट्रिचिंग ग्राउंड में सम्राट अशोक भवन का निर्माण होगा. भूमि का चयन हो जाने की सूचना नगर विकास एवं आवास विभाग को भेज दी गयी है. स्वीकृति मिलते ही भवन का निर्माण की सभी प्रक्रियाएं शुरू कर दी जायेंगी. सम्राट अशोक भवन के निर्माण से शहरवासियों को बड़े आयोजन में सहूलियत होगी. शादी, सांस्कृतिक कार्यक्रम में लोग यह भवन ले सकते हैं. भवन में कुर्सी, स्टेज, वेटिंग रूम शौचालय, आदि की व्यवस्था रहेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >