Begusarai News: सरकार की ओर से जन शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निष्पादन के लिए शुरू किये गये सहयोग शिविर की सफलता को देखते हुए एक बार फिर पंचायतवार शिविर का आयोजन किया जायेगा. पहले चरण की सफलता के बाद अब 5 अगस्त से 15 दिसंबर तक चेरियाबरियारपुर प्रखंड की सभी पंचायतों में सहयोग शिविर लगाये जायेंगे. जारी रोस्टर के अनुसार शिविर में प्राप्त जन शिकायतों का 30 दिनों के अंदर समाधान कराया जायेगा. शिविर की निगरानी अनुमंडल पदाधिकारी करेंगे.
पंचायतवार जारी किया गया रोस्टर
जारी रोस्टर के अनुसार कुभी पंचायत में 5 अगस्त, गोपालपुर में 18 अगस्त, बसही में 1 सितंबर, सकरबासा में 19 सितंबर, बिक्रमपुर में 6 अक्टूबर, श्रीपुर में 21 अक्टूबर, खांजहापुर में 3 नवंबर और चेरियाबरियारपुर में 17 नवंबर को शिविर लगाया जायेगा. इसके अलावा शाहपुर और पबड़ा में 1 दिसंबर तथा मंझौल की चारों पंचायतों में 15 दिसंबर को सहयोग शिविर आयोजित होगा.
कई विभागों की शिकायतों का समाधान
शिविर का उद्देश्य लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार अनुमंडल या प्रखंड कार्यालय का चक्कर लगाने से राहत देना है. शिविर में राजस्व, स्वास्थ्य, शिक्षा, मनरेगा, पेंशन, राशन कार्ड, भूमि विवाद सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित शिकायतें ली जायेंगी. इन शिकायतों का 30 दिनों के अंदर निष्पादन किया जायेगा.
मौके पर मौजूद रहेंगे अधिकारी
प्रशासन के अनुसार, सहयोग शिविर में संबंधित विभागों के पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहेंगे, ताकि लोगों की समस्याओं का यथासंभव मौके पर ही निपटारा किया जा सके. प्रशासन ने सभी पंचायतों के जनप्रतिनिधियों और आम लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि को अपने पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याएं दर्ज करायें और सरकारी योजनाओं से संबंधित लाभ प्राप्त करें.
