Begusarai News : राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण दिवस पर जागरूकता रैली

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण दिवस के अवसर पर रविवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) की ओर से एक विशाल विधिक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया.

बेगूसराय. राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण दिवस के अवसर पर रविवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) की ओर से एक विशाल विधिक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया. यह रैली एडीआर भवन से प्रारंभ होकर राजकीय रामकुमारी अयोध्या लॉ कॉलेज तक निकाली गयी, जिसका उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय की जानकारी और सहायता पहुंचाना था. रैली का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ऋषिकांत ने हरी झंडी दिखाकर किया. उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम नौ नवंबर, 1987 को अस्तित्व में आया और नौ नवंबर, 1995 से यह पूरे देश में लागू है. उनका कहना था कि इस दिवस का उद्देश्य समाज के कमजोर वर्गों, जरूरतमंदों और वंचितों को न्याय तक समान और निःशुल्क पहुंच प्रदान करना है. उन्होंने आगे कहा कि विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से लोगों को न केवल न्यायिक सहायता मिलती है, बल्कि यह संस्था समाज में विधिक साक्षरता और अधिकारों की जागरूकता फैलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है. रैली में पैनल अधिवक्ता, विधिक स्वयंसेवक (पीएलवी/अधिकार मित्र), एलएडीसी के पदाधिकारी, लॉ कॉलेज के छात्र-छात्राएं, व्यवहार न्यायालय के कर्मी एवं समाजसेवी शामिल हुए. रैली एडीआर भवन से निकलकर कैंटीन चौक, नगर निगम चौक, नगर थाना चौक, कचहरी चौक, आंबेडकर चौक, ट्रैफिक चौक होते हुए राजकीय अयोध्या लॉ कॉलेज पहुंची. इस दौरान शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए लोगों को न्याय और विधिक सहायता के प्रति जागरूक किया गया. रैली के बाद लॉ कॉलेज परिसर में भव्य विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ऋषिकांत ने की, जबकि संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव न्यायाधीश करुणा निधि प्रसाद आर्य ने किया. आर्य ने बताया कि आगामी 13 दिसंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन के लिए सभी अधिवक्ता, विधिक स्वयंसेवक और विधि छात्र समाज में जाकर लोगों को लोक अदालत से मिलने वाले लाभों की जानकारी दें. उन्होंने कहा कि लोक अदालत के माध्यम से छोटे-मोटे विवाद सुलह के आधार पर निःशुल्क और शीघ्र हल होते हैं, जिससे न्याय व्यवस्था पर बोझ कम होता है और आम जनता को त्वरित न्याय मिलता है. कार्यक्रम के दौरान विधिक सेवा कार्यों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले विधिक स्वयंसेवकों (अधिकार मित्रों) को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ऋषिकांत ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया. सम्मानितों में प्रमुख रूप से पत्रकार सह पीएलवी हरेराम दास, रूबी कुमारी, पिंकी कुमारी, प्रभात कुमार सिंह, वीरेंद्र चौधरी, मुकिंदर पासवान, प्रमोद रजक, किरण कुमारी, शालिनी, सुमन कुमारी, अफजल अमानुल्लाह, बूटेश कुमार, अभिषेक कुमार, अरविंद कुमार ठाकुर, रोशन कुमार जुल्फिकार, शैलेश कुमार, रेखा कुमारी और जया कुमारी शामिल रहे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shah abid hussain

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >