Begusarai Farmers Get Training in Modern Farming Techniques : नावकोठी प्रखंड के महेशवाड़ा पंचायत स्थित नौलखा गांव में प्रदान संस्था के माध्यम से कृषि उत्पादन समूह का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों की कृषि उत्पादकता बढ़ाना, वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा देना और उन्हें आधुनिक कृषि तकनीकों के साथ आजीविका संवर्धन से जोड़ना था.
प्रशिक्षण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण शामिल हुए. इस दौरान किसानों को खेती से जुड़ी नई तकनीकों, बेहतर फसल प्रबंधन और कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त करने के उपायों की जानकारी दी गई.
प्रशिक्षक शिवचंद्र कुमार ने किसानों को कृषि क्षेत्र में समय के अनुसार अपनाई जाने वाली उन्नत तकनीकों के बारे में विस्तार से बताया. उन्होंने मौसम के अनुरूप फसल प्रबंधन, बेहतर गुणवत्ता वाले बीज और उर्वरकों का चयन, मिट्टी परीक्षण, संतुलित पोषण प्रबंधन, कीट एवं रोग नियंत्रण, जल संरक्षण तथा प्राकृतिक और टिकाऊ खेती के महत्व पर प्रकाश डाला.
Begusarai News : कृषि उत्पादन समूह से किसानों को मिलेगा फायदा
प्रशिक्षक ने कृषि उत्पादन समूह की अवधारणा को समझाते हुए कहा कि यदि किसी क्षेत्र के किसान एक समान फसल की खेती समूह बनाकर करते हैं, तो उन्हें कई तरह के फायदे मिलते हैं.
उन्होंने बताया कि समूह के माध्यम से किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज, कृषि सामग्री और खेती से जुड़ी जरूरी जानकारी समय पर उपलब्ध हो सकती है. इसके अलावा विशेषज्ञों का मार्गदर्शन और सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ भी आसानी से किसानों तक पहुंचाया जा सकता है.
उन्होंने कहा कि एक जैसी फसल होने से किसानों को अपनी उपज के सामूहिक विक्रय में भी सुविधा मिलती है. इससे उन्हें बाजार में बेहतर मूल्य प्राप्त हो सकता है और उनकी आय में वृद्धि की संभावना बढ़ती है.
समूह आधारित खेती अपनाने के लिए किसानों को किया प्रेरित
प्रशिक्षण के दौरान किसानों को समय पर बुवाई, बेहतर कृषि योजना बनाने, उन्नत कृषि पद्धतियों को अपनाने और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया.
इस दौरान किसानों ने खेती से जुड़ी अपनी समस्याएं और अनुभव भी साझा किए. प्रशिक्षक ने किसानों की समस्याओं को सुना और उनके व्यावहारिक समाधान बताए.
शिवचंद्र कुमार ने कहा कि वैज्ञानिक और संगठित तरीके से खेती करने पर किसान कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं. उन्होंने किसानों से समूह आधारित कृषि गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने और सामूहिक रूप से अपनी उपज का विपणन करने की अपील की, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो सके.
कार्यक्रम में गोपाल कुमार, दयानंद महतो, अरविंद कुमार, रिहा देवी, मीरा कुमारी सहित बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण मौजूद रहे.
