गर्मी व शादी समारोह के बीच बिजली संकट, व्यवसाय पर भी पड़ रहा असर

प्रखंड क्षेत्र में इन दिनों बिजली की अनियमित आपूर्ति ने उपभोक्ताओं का जीना मुहाल कर दिया है. एक तरफ आसमान से बरसती आग और दूसरी तरफ विभाग की मनमानी बिजली कटौती ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है.

गढ़पुरा. प्रखंड क्षेत्र में इन दिनों बिजली की अनियमित आपूर्ति ने उपभोक्ताओं का जीना मुहाल कर दिया है. एक तरफ आसमान से बरसती आग और दूसरी तरफ विभाग की मनमानी बिजली कटौती ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है. आलम यह है कि पिछले कुछ दिनों से प्रखंड के विभिन्न गांवों में महज 10 से 12 घंटे ही बिजली मिल पा रही है. जिससे लोगों का गुस्सा अब सातवें आसमान पर है. वर्तमान में शादियों का सीजन चल रहा है. ऐसे में बिजली की किल्लत ने मांगलिक कार्यक्रमों के रंग में भंग डाल दिया है. भीषण धूप और उमस भरी गर्मी के बीच घरों में मेहमान भरे हुए हैं. लेकिन बिजली न होने से कूलर और पंखे शो-पीस बने हुए हैं. शादी वाले घरों में पानी से लेकर रोशनी तक की व्यवस्था के लिए लोगों को महंगे जनरेटरों का सहारा लेना पड़ रहा है. जिससे मध्यमवर्गीय परिवारों पर आर्थिक बोझ भी बढ़ गया है.

बच्चों व बुजुर्गों की बढ़ी परेशानी

बिजली की आंख-मिचौनी का सबसे बुरा असर छोटे बच्चों और बुजुर्गों पर पड़ रहा है. दोपहर के समय जब तापमान अपने चरम पर होता है. तब बिजली गुल हो जाने से मासूम बच्चे गर्मी से बिलखने लगते हैं. रात की नींद हराम होने के कारण लोगों के स्वास्थ्य पर भी इसका बुरा असर पड़ रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि पहले तो थोड़ी हवा चलने या बादल छाने पर बिजली काटी जाती थी. लेकिन अब तो बिना किसी कारण के कभी भी घंटों के लिए सप्लाई बंद कर दी जाती है. वहीं गढ़पुरा बाजार, मालीपुर बाजार समेत विभिन्न बाजारों में विद्युत कटौती से बिजली आधारित व्यवसाय भी पुरी तरह प्रभावित हो रहा है. दुकानदारों का इन्वर्टर भी दो चार घंटे में ही दम तोड़ दे रहा है ऐसे में दुकानदारों का दुकान बंद करना ही एक मात्र उपाय बचा है. क्षेत्र के उपभोक्ताओं ने विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिकायत करने पर अक्सर “फॉल्ट ” या “ऊपर से बिजली कम होने ” का बहाना बना दिया जाता है. इतना ही नहीं बिना किसी पूर्व सूचना के घंटों बिजली गायब रहती है.

सड़कों पर उतर कर आंदोलन करने को बाध्य होंगे उपभोक्ता

हरिगिरिधाम के दुकानदार बिट्टू कुमार, धरमपुर के चंदन कुमार यादव, गढ़पुरा के व्यवसायी विकास सिंघानिया आदि लोगों ने जिला प्रशासन और बिजली विभाग के वरीय अधिकारियों से मांग की है कि गढ़पुरा प्रखंड में विद्युत आपूर्ति में सुधार किया जाए. यदि जल्द ही स्थिति सामान्य नहीं हुई. तो उपभोक्ता सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होंगे. फिलहाल. तपती धूप और बिजली संकट ने गढ़पुरा की जनता को दोहरी मार झेलने पर मजबूर कर दिया है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Manish kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >