60 दिनों की समय-सीमा के अंदर सभी मामलों का निबटारा करें अधिकारी : डीएम

कारगिल भवन में जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गयी.

बेगूसराय. कारगिल भवन में जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गयी. बैठक में सर्वप्रथम आरटीपीएस के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों की समीक्षा की गयी. समीक्षा के दौरान तेघड़ा अंचल में एक मामला निर्धारित समयावधि के बाद भी लंबित पाया गया, जिस पर जिला पदाधिकारी ने अंचल अधिकारी तेघड़ा को अविलंब निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. इसके उपरांत लोक शिकायत निवारण अधिनियम के तहत प्राप्त मामलों की समीक्षा की गयी. डीएम ने सभी मामलों का निष्पादन निर्धारित 60 दिनों की समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही संबंधित लोक प्राधिकारों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी द्वारा पारित आदेशों का समयबद्ध अनुपालन हो. निकाय क्षेत्रों की समीक्षा के क्रम में बखरी नगर निकाय के कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा डॉग पाउंड, एसटीपी, एफएसटीपी एवं मोक्षधाम निर्माण से संबंधित जमीन उपलब्ध कराने एवं एनओसी लंबित रहने की जानकारी दी गयी. इस पर जिला पदाधिकारी ने संबंधित अंचल अधिकारी को शीघ्र भूमि चिन्हित करते हुए एनओसी निर्गत करने का निर्देश दिया. शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत विद्यालयों में नामांकित बच्चों की राशि प्रतिपूर्ति से संबंधित लंबित जांच को शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया गया. वहीं न्यायालय से संबंधित लंबित मामलों की समीक्षा में पाया गया कि जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में सर्वाधिक 19 मामले लंबित है. जिला पदाधिकारी ने इन मामलों की जांच कर शीघ्र अग्रेतर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. जीविका योजनाओं की समीक्षा के दौरान जानकारी दी गयी कि बखरी एवं बलिया में सिलाई मशीन निर्माण केन्द्र के निर्माण के लिए अब तक एनओसी प्राप्त नहीं हुई है. इस पर संबंधित अंचल अधिकारियों को अविलंब एनओसी निर्गत करने का निर्देश दिया गया. आपदा प्रबंधन विभाग की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि पिछले वर्ष बाढ़ के दौरान जिन नाविकों का भुगतान लंबित रह गया था, उसकी जांच कर सभी संबंधित अंचल अधिकारी एक सप्ताह के भीतर भुगतान सुनिश्चित करें. स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान किशोरियों को लगाए जाने वाले एचपीवी टीकाकरण को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया. जिला पदाधिकारी ने विद्यालयों में शिक्षकों, जीविका समूहों एवं जनप्रतिनिधियों के माध्यम से अभियान संचालित करने को कहा. जिला पदाधिकारी ने बताया कि एचपीवी टीका बच्चियों को सर्विकल कैंसर से सुरक्षा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बच्चियों को एचपीवी टीका अवश्य दिलवाएं. अंत में जिला पदाधिकारी द्वारा सभी पदाधिकारियों को 19 मई से पंचायतों में आयोजित होने वाले सहयोग शिविर के लिये क्षेत्र में व्यापक प्रचार प्रसार करने का निर्देश दिया. साथ ही जिला पदाधिकारी द्वारा शिविर से पूर्व आने वाले आवेदनों का एंट्री करते हुए निष्पादन करने का निर्देश दिया गया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: MANISH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >