Begusarai News : वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने की थीम पर 9 से 17 अगस्त तक आयोजित हर घर तिरंगा अभियान की सफलता को लेकर सोमवार को बेगूसराय नगर निगम सभागार में महापौर पिंकी देवी की अध्यक्षता में आवश्यक बैठक हुई. बैठक में अभियान के तहत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई. नगर आयुक्त सोमेश बहादुर माथुर ने विभागीय निर्देशों की जानकारी देते हुए अभियान में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया.
देशभक्ति कार्यक्रमों से लोगों को जोड़ने की तैयारी
नगर आयुक्त सोमेश बहादुर माथुर ने बताया कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत देशभक्ति आधारित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. शैक्षणिक संस्थानों में देशभक्ति कार्यक्रम, तिरंगा यात्रा, तिरंगा थीम पर आधारित प्रकाश सज्जा, जनजागरूकता कार्यक्रम, 'सेल्फी विद तिरंगा' और तिरंगा रंगोली प्रतियोगिता सहित कई गतिविधियां आयोजित की जाएंगी. इन कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों में देशभक्ति की भावना को और मजबूत करना तथा अभियान में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना है.
13 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा
बैठक में सर्वसम्मति से 13 अगस्त को शहर में भव्य तिरंगा यात्रा निकालने का निर्णय लिया गया. यात्रा में नगर निगम के पार्षद और कर्मी, आम नागरिक, सफाई जमादार सहित बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल होंगे. तिरंगा यात्रा और हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए जीविका के माध्यम से पांच हजार तिरंगा झंडे खरीदने का भी निर्णय लिया गया.
नगर निगम भवन समेत प्रमुख स्थानों पर होगी तिरंगा सज्जा
महापौर पिंकी देवी ने बताया कि अभियान के तहत नगर निगम के प्रशासनिक भवन समेत अन्य प्रमुख स्थानों पर आकर्षक तिरंगा प्रकाश सज्जा की जाएगी. इसके अलावा नगर निगम क्षेत्र के लोगों को अपने घरों, व्यावसायिक कार्यालयों और अन्य भवनों पर तिरंगा लगाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा. उन्होंने अभियान को सफल बनाने के लिए शहरवासियों से सक्रिय भागीदारी की अपील की.
बैठक में पार्षदों ने दिए सुझाव
बैठक में उपमहापौर अनिता देवी, उपनगर आयुक्त ओसामा इब्न मंसूर, अनुराग कुमार, अजीत गोंड, आनंद प्रसाद, जितेंद्र कुमार, केशव कुमार समेत अन्य कर्मी उपस्थित रहे. वार्ड पार्षदों ने भी चर्चा में भाग लेते हुए अभियान को बेहतर तरीके से संचालित करने को लेकर अपने-अपने सुझाव दिए. बैठक में वार्ड पार्षद विपिन पासवान, उमेश राय, सीता देवी, शगुफ्ता ताजबर, सुमन कुमारी, शूरवीर कुमार, राजीव रंजन, पार्षद प्रतिनिधि राजकुमार, बूटन साह, हेमंत कुमार समेत अन्य पार्षद मौजूद रहे.
Also Read : कांवर झील के संरक्षण और जैविक खेती को बढ़ावा देने पर जोर, जैव विविधता प्रबंधन समितियों की बैठक
