Begusarai News : फुलवड़िया थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-28 पर मंगलवार की देर रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई. हादसा मेघराज बीएड कॉलेज और महरानी पेट्रोल पंप के बीच मुख्य सड़क पर हुआ. मृतक की पहचान बछवाड़ा थाना क्षेत्र के रानी गोधना निवासी सुनील चौधरी के करीब 39 वर्षीय पुत्र ऋषिराज उर्फ बाबू साहेब के रूप में हुई है. वह शोकहारा-1, बरौनी नगर परिषद के वार्ड 16 निवासी कांग्रेस नेता सुबोध सिंह का भगीना बताया गया है.
भोज खाकर बरौनी से घर लौट रहा था युवक
जानकारी के अनुसार, ऋषिराज मंगलवार की देर शाम बरौनी आया था. वह अपने रिश्तेदारों और मित्रों से मिलने के बाद सब्जी लेकर बाइक से अपने घर रानी गोधना लौट रहा था. इसी दौरान एनएच-28 पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से वह अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गया. हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
राहगीरों ने सड़क पर अचेत अवस्था में देखा
बताया जाता है कि गौरा से भोज खाकर बरौनी लौट रहे कुछ लोगों ने एनएच-28 पर बाइक सवार युवक को अचेत अवस्था में सड़क पर गिरा देखा. उसकी मोटरसाइकिल भी मौके पर चालू स्थिति में गिरी हुई थी. लोगों ने युवक की पहचान करने का प्रयास किया और इसकी सूचना बरौनी स्थित उसके ननिहाल के परिजनों को दी. इसके बाद घटना की जानकारी फुलवड़िया थाना पुलिस को दी गई.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलने के बाद फुलवड़िया थाना पुलिस मौके पर पहुंची. परिजनों और पुलिस की मदद से शव को थाना लाया गया. पुलिस के अनुसार, युवक की मौत घटनास्थल पर ही हो चुकी थी. फुलवड़िया थानाध्यक्ष विजय सहनी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय भेज दिया गया है. पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है और अज्ञात वाहन की पहचान का प्रयास किया जा रहा है.
परिवार का इकलौता सहारा था ऋषिराज
परिजनों के अनुसार, ऋषिराज दो भाइयों में छोटा था और शादीशुदा था. उसके दो पुत्र हैं, जिनकी उम्र करीब आठ और दस वर्ष है. मृतक के बड़े भाई राजा की कुछ वर्ष पहले ब्रेन हेमरेज से मौत हो गई थी. वहीं, उसके माता-पिता भी बीमार रहते हैं. ऐसे में ऋषिराज ही परिवार की देखभाल करने वाला इकलौता सदस्य था.
मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
ऋषिराज की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है. हादसे के बाद मृतक के घर में मातम पसरा हुआ है. वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
