बेगूसराय: नगर निगम कर्मियों की हड़ताल छठे दिन भी जारी, सरकार से सकारात्मक वार्ता की उम्मीद

बेगूसराय में नगर निगम कर्मचारियों की राज्यव्यापी हड़ताल छठे दिन भी जारी है, जिससे शहर में कूड़ा उठान ठप है. हालांकि, मुख्यमंत्री से वार्ता के बाद सरकार से सकारात्मक बातचीत की उम्मीद जगी है, जिससे समाधान की आशा है.

Begusarai News: नगर निगम कर्मचारियों की राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल बेगूसराय में छठे दिन भी जारी रही. नगर निगम कर्मियों और सफाईकर्मियों ने मंगलवार को दिनभर कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया. महापौर पिंकी देवी, उपमहापौर अनिता देवी, पूर्व महापौर संजय कुमार सिंह, पूर्व उपमुख्य पार्षद जवाहर भारद्वाज, पार्षद सरिता देवी, उमेश राय समेत अन्य लोग धरना स्थल पर पहुंचे और निगम कर्मियों की मांगों का समर्थन किया. हड़ताल के कारण मंगलवार को भी शहर में कूड़े-कचरे का उठाव नहीं हो सका.

सफाईकर्मियों को बताया निगम का अभिन्न अंग

महापौर पिंकी देवी ने सफाईकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता सेनानी नगर निगम परिवार के अभिन्न अंग हैं. उन्होंने कहा कि निगम कर्मियों के सम्मानजनक जीवनयापन और उनकी कठिनाइयों को दूर करने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि स्थायीकरण और समायोजन को लेकर भी कई बार प्रयास किये गये हैं.

मुख्यमंत्री के सामने उठायी थी मांग

महापौर ने कहा कि हड़ताल से पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बेगूसराय आगमन के दौरान उन्होंने उनसे वार्ता की थी. शहर की विभिन्न समस्याओं के साथ नगर निगम में वर्षों से दैनिक पारिश्रमिक और संविदा पर कार्यरत कर्मियों के नियमितीकरण और समायोजन की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी गयी थी.

सरकार के स्तर पर चल रही वार्ता

पूर्व महापौर संजय कुमार सिंह ने कहा कि नगर निगम कर्मियों की मौजूदा हड़ताल स्थानीय कार्यालय से जुड़ी मांगों को लेकर नहीं है. उनकी मांगें बिहार सरकार और नगर विकास एवं आवास विभाग, पटना से संबंधित हैं और हड़ताल राज्यव्यापी है. उन्होंने कहा कि महापौर पिंकी देवी और उनका लगातार प्रयास है कि सरकार और विभाग के स्तर पर जल्द कर्मियों की समस्याओं का समाधान निकले.

मंगलवार को हुई सकारात्मक बातचीत

संजय कुमार सिंह ने बताया कि नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव और अपर सचिव के साथ हड़ताल में शामिल संगठनों के प्रतिनिधियों की मंगलवार को सकारात्मक वार्ता हुई है. बुधवार को उच्च स्तर पर भी वार्ता होने की संभावना है. उन्होंने उम्मीद जतायी कि बातचीत के बाद कोई समाधान निकल सकता है. उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में स्थानीय स्तर पर सफाईकर्मियों की समस्याओं का बोर्ड के निर्णय के माध्यम से शीघ्र समाधान किया जाता था.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Bipin Kumar Mishra

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >