Begusarai News : अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन, बेगूसराय शाखा की ओर से भव्य तीज उत्सव का आयोजन किया गया. सावन की हरियाली, तीज की उमंग और भारतीय संस्कृति की खूबसूरत झलक से सजा यह आयोजन महिलाओं के लिए उल्लास और मनोरंजन से भरपूर रहा. कार्यक्रम की मुख्य अतिथि बेगूसराय की महापौर पिंकी देवी, विशिष्ट अतिथि उपमहापौर अनीता राय, अध्यक्ष रिशा टिबरेवाल, सचिव शिवानी हिसारिया और शाखा संस्थापिका सरिता सुल्तानिया ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की.
अतिथियों का अंगवस्त्र देकर किया सम्मान
सम्मेलन की ओर से पूर्व अध्यक्ष मंजू रूंगटा, पूर्व अध्यक्ष अनु अग्रवाल और पूर्व अध्यक्ष सुधा मस्करा ने अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया. इस दौरान उन्हें अंगवस्त्र एवं महिला मंच के प्रतीक स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया. अतिथियों ने महिलाओं को तीज की शुभकामनाएं देते हुए सांस्कृतिक आयोजन की सराहना की.
भक्ति गीतों और नृत्य ने मोहा मन
कार्यक्रम में नित्य मंगोतिया ने गणेश वंदना प्रस्तुत की, जबकि किट्टू रूंगटा ने 'कान्हा सो जा जरा' गीत पर मनमोहक नृत्य कर सबका मन मोह लिया. वहीं सुनीता अग्रवाल, मोनिका भुवानिया और रंजना हिसारिया ने भोलेनाथ की भक्ति पर नृत्य प्रस्तुत कर समां बांध दिया. कार्यक्रम में सावन और तीज से जुड़े गीतों पर भी महिलाओं ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए.
गेम्स, पुरस्कार और सेल्फी कॉर्नर ने बढ़ायी रौनक
संगीत और नृत्य के साथ मनोरंजक गेम्स, आकर्षक पुरस्कार एवं सेल्फी कॉर्नर ने कार्यक्रम में खूब रंग जमाया. ग्रीन एवं ऑरेंज ड्रेस कोड में सजी महिलाओं ने पूरे आयोजन को सावन के रंग में रंग दिया. सम्मेलन का उद्देश्य महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के साथ महिलाओं को संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना भी रहा.
सास-बहू प्रतियोगिता रही खास आकर्षण
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण सास-बहू प्रतियोगिता रही. सास-बहू की जोड़ियों ने अपनी आपसी समझ, तालमेल और हास्य-विनोद से सभी का खूब मनोरंजन किया. प्रतियोगिता के दौरान हुई खट्टी-मीठी नोकझोंक और मजेदार प्रस्तुतियों ने जमकर तालियां बटोरीं.
Also Read : नोखा में 500 से अधिक बाइक के साथ निकली तिरंगा रैली, भारत माता के जयघोष से गूंजा शहर
संस्कृति और महिला सहभागिता का सुंदर संगम
कार्यक्रम की संयोजिका सरिता सुल्तानिया ने आयोजन को पारंपरिक संस्कृति, मनोरंजन और महिला सहभागिता का सुंदर संगम बताया. महापौर पिंकी देवी ने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को अपनी संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ आपसी स्नेह और सौहार्द को भी मजबूत करते हैं. उपमहापौर अनीता राय ने भी कार्यक्रम की भूरि-भूरि प्रशंसा की.
बड़ी संख्या में महिला सदस्यों ने लिया हिस्सा
आयोजन में सम्मेलन की अध्यक्ष रिशा टिबरेवाल, सचिव शिवानी हिसारिया एवं कोषाध्यक्ष नताशा मुल्तानिया सहित समाज की बड़ी संख्या में गणमान्य महिला सदस्यों की सक्रिय सहभागिता रही. सभी ने मिलकर कार्यक्रम को यादगार बनाने में योगदान दिया.
Also Read : नोखा में बस-बाइक की भीषण टक्कर, महिला की मौत; पति गंभीर रूप से घायल
