Begusarai News : शुक्रवार को मंझौल पंचायत-1 के खैरा स्थित नवनिर्मित तीन मंजिला भवन में मंझौल थाना को शिफ्ट किया गया. इस दौरान जिला पुलिस अधीक्षक मनीष ने नये थाना भवन का निरीक्षण किया. इसके बाद आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को साइबर अपराध और नशे के खिलाफ जागरूक किया. एसपी ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को देने की अपील की.
बैंक के नाम पर फोन आये तो समझें ठगी की कोशिश
एसपी मनीष ने कहा कि लोगों ने बड़ी मेहनत, नौकरी, व्यवसाय, खेती-बाड़ी और मजदूरी करके पैसा कमाया है. वे अपने बच्चों को पढ़ाना चाहते हैं. ऐसे में यह जानना जरूरी है कि उनकी पूंजी और बैंक खाता सुरक्षित रहे.
उन्होंने कहा कि बैंक कभी भी सीधे फोन नहीं करता है. किसी भी परिस्थिति में यदि बैंक के नाम पर फोन आता है, तो लोगों को सावधान हो जाना चाहिए. बैंक अधिकारी बनकर फोन करने वाला व्यक्ति ठग हो सकता है. ऐसे फोन पर किसी भी तरह की बैंकिंग जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए.
सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने से बचें
एसपी ने कहा कि आजकल बच्चे इंस्टाग्राम, फेसबुक जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर काफी सक्रिय रहते हैं. ऐसे में अभिभावकों को भी बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर जिससे लोग बात कर रहे हैं, जरूरी नहीं कि वह वही व्यक्ति हो, जो प्रोफाइल में दिखाई दे रहा है.
उन्होंने लोगों से अपनी निजी जिंदगी से जुड़ी जानकारी सोशल मीडिया पर साझा करने में सावधानी बरतने की अपील की. साथ ही अनजान लोगों से ऑनलाइन दोस्ती करने से बचने की सलाह दी.
नशे के खिलाफ समाज को भी निभानी होगी जिम्मेदारी
सूखे नशे को लेकर पूछे गये सवाल पर एसपी ने कहा कि इसकी शिकायतें लगातार मिल रही हैं और पुलिस कार्रवाई भी कर रही है. लेकिन नशे के खिलाफ लड़ाई सिर्फ पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि पूरे समाज को इसमें भूमिका निभानी होगी.
उन्होंने कहा कि यदि 10-12 साल के बच्चे ही नशे के जाल में फंस गये, तो देश की युवा आबादी का भविष्य अंधकारमय हो सकता है. उन्होंने लोगों से अपील की कि कहीं नशे की बिक्री की जानकारी मिले तो सीधे थानाध्यक्ष, डीएसपी या एसपी को गुप्त सूचना दें. सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम गोपनीय रखा जाएगा.
Also Read : नवादा के नियोजन मेले में 350 युवाओं का चयन, 22 निजी कंपनियों ने दिया रोजगार का अवसर
पुलिस अधिकारी और जज बनकर भी हो रही साइबर ठगी
एसपी ने बताया कि आजकल साइबर अपराधी पुलिस अधिकारी, जज और बड़े अफसर बनकर फोन कर लोगों से ठगी कर रहे हैं. ऐसे में किसी भी फोन कॉल या अफवाह को बिना जांचे-परखे सच नहीं मानना चाहिए. उन्होंने कहा कि साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूकता और सही जानकारी ही सबसे बड़ा हथियार है.
Also Read : रक्षाबंधन पर नवादा पुलिस की नई पहल, ‘अभया ब्रिगेड’ करेगी महिला सुरक्षा की निगरानी
पुराना थाना स्थल पीकेट के रूप में रहेगा संचालित
एसपी ने बताया कि पुराने थाना स्थल को पीकेट के रूप में संचालित किया जाता रहेगा. वहां पुलिस बल की तैनाती रहेगी, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे और किसी भी आपात स्थिति में पुलिस तत्काल कार्रवाई कर सके.
पुलिस पदाधिकारियों को पाग और अंगवस्त्र देकर किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान डीएसपी कुंदन कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर महानंद चौधरी और थानाध्यक्ष फैसल अहमद को पाग एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया. मौके पर डीएसपी कुंदन कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर महानंद चौधरी, थानाध्यक्ष फैसल अहमद, मुखिया प्रतिनिधि बिपिन कुमार, छात्र नेता कन्हैया कुमार, दिवाकर भारती, पूर्व मुखिया अरुण कुमार सिंह, पूर्व जिला पार्षद अनिल सहनी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे.
Also Read : नवादा में साइबर अपराधियों ने बैंक खाते से उड़ाये 1.40 लाख रुपये, साइबर थाना में दर्ज हुई प्राथमिकी
