झमटिया गंगा घाट के पास सड़क निर्माण में घटिया गुणवत्ता का आरोप, ग्रामीणों ने जांच की उठाई मांग

Begusarai News : बेगूसराय के झमटिया धाम में घटिया सड़क निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने किया विरोध। बीडीओ ने जांच के दिए आदेश, दोषी संवेदक पर होगी सख्त विभागीय कार्रवाई।

Begusarai News : बछवाड़ा प्रखंड के मिथिलांचल प्रसिद्ध झमटिया धाम गंगा घाट के समीप कराए जा रहे सड़क निर्माण में घटिया गुणवत्ता का आरोप लगाते हुए स्थानीय ग्रामीणों ने विरोध जताया है. ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कर दोषी संवेदक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है.

सावन में लाखों श्रद्धालुओं का रहता है आवागमन

स्थानीय ग्रामीण विक्रम कुमार राय, बबलू कुमार, विजय पासवान, सुजीत पासवान, प्रमोद यादव, रंजीत पासवान, राजीव यादव, राकेश यादव और सत्यम कुमार ने बताया कि झमटिया गंगा घाट पर वर्षभर श्रद्धालुओं की भीड़ रहती है. दूर-दराज से लोग गंगा स्नान, मुंडन संस्कार, पूजा-अर्चना और मन्नत पूरी होने पर धार्मिक अनुष्ठान के लिए यहां पहुंचते हैं. उन्होंने बताया कि सावन माह में समस्तीपुर, रोसड़ा, दरभंगा सहित मिथिलांचल के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु सोमवारी पर गंगा स्नान करने और शिवालयों में जलाभिषेक के लिए गंगाजल लेने आते हैं. अंतिम सोमवारी की पूर्व संध्या पर यहां लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है.

कीचड़ की समस्या के बाद शुरू हुआ सड़क निर्माण

ग्रामीणों के अनुसार, मंदिर परिसर से जुड़ी लिंक सड़क पर कीचड़ की समस्या के कारण श्रद्धालुओं को काफी परेशानी होती थी. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों से सड़क निर्माण की मांग की गई थी. वरीय अधिकारियों के निर्देश पर सड़क निर्माण कार्य शुरू कराया गया, लेकिन निर्माण कार्य में गुणवत्ता की अनदेखी की जा रही है.

छह इंच के बजाय तीन इंच ढलाई का आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की ढलाई छह इंच की जगह मात्र तीन इंच की जा रही है. उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य शुरू होने के समय अधिकारी भी मौजूद थे और उसी दौरान गुणवत्ता को लेकर शिकायत भी की गई थी. अधिकारियों ने संवेदक को किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की चेतावनी दी थी, लेकिन इसके बावजूद घटिया निर्माण किया गया.

जांच के बाद होगी कार्रवाई : बीडीओ

प्रखंड विकास पदाधिकारी अमित कुमार ने बताया कि सड़क निर्माण में घटिया गुणवत्ता की शिकायत मिली है. मामले की जांच के लिए पंचायत सचिव को निर्देश दिया गया है. उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी संवेदक के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी.

Also Read : बेगूसराय में दूध लेकर जा रहे युवक की गोली मारकर हत्या, पुलिस जांच में जुटी



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By डबलू कुमार

डबलू कुमार प्रिंट माध्यम में 10 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अकबरनगर (भागलपुर) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. इतिहास, राजनीति और विज्ञान में गहरी रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >