रोसड़ा निबंधन कार्यालय के वरिष्ठ कातिब ललित कुमार निराला का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

Begusarai News : बेगूसराय के सागी पंचायत की पूर्व मुखिया अनिता देवी के पति ललित कुमार निराला का कोलकाता में निधन. क्षेत्र में शोक की लहर, शनिवार को होगा अंतिम संस्कार.

Begusarai News : सागी पंचायत की पूर्व मुखिया अनिता देवी के पति एवं रोसड़ा निबंधन कार्यालय के वरिष्ठ कातिब (मुंशी) ललित कुमार निराला का गुरुवार देर रात कोलकाता में उपचार के दौरान निधन हो गया. वे 67 वर्ष के थे. उनके निधन की खबर मिलते ही सागीडीह गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई. शुक्रवार की शाम उनका पार्थिव शरीर एंबुलेंस से कोलकाता से सागीडीह गांव लाया गया. शव के गांव पहुंचते ही परिजनों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों की भीड़ उमड़ पड़ी. घर में शोक का माहौल छा गया.

दो दशक से अधिक समय तक निबंधन कार्यालय में दी सेवा

ललित कुमार निराला अपने सरल, मिलनसार और सामाजिक स्वभाव के कारण क्षेत्र में काफी सम्मानित थे. वह पिछले दो दशकों से अधिक समय से रोसड़ा निबंधन कार्यालय में कातिब (मुंशी) के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे. उनके निधन से निबंधन कार्यालय से जुड़े लोगों और स्थानीय लोगों में भी शोक व्याप्त है.

चार पुत्र और एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए

स्वर्गीय ललित कुमार निराला अपने पीछे पत्नी, चार पुत्र और एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं. उनके ज्येष्ठ पुत्र पंकज कुमार इंजीनियर हैं, जबकि गांधी कुमार रेलवे में कार्यरत हैं. वहीं विक्रम कुमार कातिब के रूप में कार्य कर रहे हैं और पुत्री ज्योति कुमारी शिक्षिका हैं. परिजनों के अनुसार उनका अंतिम संस्कार शनिवार को सिमरिया धाम स्थित श्मशान घाट पर पूरे धार्मिक रीति-रिवाज के साथ किया जाएगा.

जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जताया शोक

ललित कुमार निराला के असामयिक निधन पर स्थानीय विधायक अभिषेक आनंद, जिला परिषद सदस्य पंकज कुमार शर्मा, प्रखंड प्रमुख संजू देवी, उपप्रमुख नरेश पासवान, मुखिया मोहम्मद इरशाद आलम, पंचायत समिति सदस्य जुनैद अहमद, पैक्स अध्यक्ष संजीव प्रसाद पासवान, पूर्व मुखिया उदयचंद्र झा एवं सीताराम दास सहित कई जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने शोक संवेदना व्यक्त की. प्रधानाध्यापक केसरी कुमार साहू, डॉ. कुंवर सिंह, समाजसेवी राम गुलजार महतो, सिकंदर आलम, राम विनोद महतो, अशोक पासवान, मोहम्मद सैफी सहित अन्य लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की.

Also Read : अपराध नियंत्रण को लेकर एसपी ने की समीक्षा बैठक, थानाध्यक्षों को त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Rajesh kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >