बेगूसराय : बेटी के नाम पर मां कर रही जीविका सीएम का काम? खोदावंदपुर में आंगनबाड़ी सेविका पर गंभीर आरोप

बरियारपुर पश्चिमी पंचायत में आंगनबाड़ी सेविका पर अपनी बेटी के नाम पर जीविका सीएम का काम करने का गंभीर आरोप लगा है. ग्रामीणों ने इस मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है.

बेगूसराय के खोदावंदपुर प्रखंड क्षेत्र की बरियारपुर पश्चिमी पंचायत में आंगनबाड़ी एवं जीविका से जुड़े कार्यों को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर सवाल उठाये हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि आंगनबाड़ी केंद्र संख्या- 92 की सेविका मंजुलता राय अपनी पुत्री तन्नू कुमारी के नाम पर जीविका कम्युनिटी मोबिलाइजर (सीएम) का कार्य भी कर रही है.

ग्रामीणों ने मामले की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है. ग्रामीणों के अनुसार, तन्नू कुमारी वर्ष 2022 से विकास जीविका महिला ग्राम संगठन, बरियारपुर पश्चिमी में जीविका सीएम के पद पर कार्यरत है. आरोप है कि तन्नू कुमारी के नाम पर नियुक्ति होने के बावजूद संबंधित कार्य उनकी मां मंजुलता राय द्वारा किया जा रहा है.

ग्रामीणों का कहना है कि मंजुलता राय स्वयं पूर्व में जीविका सीएम के रूप में कार्य कर चुकी है और बाद में आंगनबाड़ी सेविका के पद पर चयनित हो गयी. वर्ष 2022 से उनकी पुत्री के नाम पर जीविका सीएम का पद होने के बावजूद मां द्वारा ही संबंधित जिम्मेदारियों का निर्वहन किये जाने का आरोप लगाया गया है. ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि यदि तन्नू कुमारी जीविका सीएम के पद पर नियुक्त हैं तो उनके स्थान पर कोई अन्य व्यक्ति नियमित रूप से कार्य कैसे कर सकता है.

वहीं आंगनबाड़ी सेविका के रूप में कार्यरत मंजुलता राय द्वारा जीविका का कार्य किए जाने के आरोपों की भी जांच की मांग की गयी है. लोगों का कहना है कि एक ही व्यक्ति द्वारा दो अलग-अलग विभागों की जिम्मेदारियां संभालने के आरोप गंभीर है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिये.

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि इस संबंध में पूर्व में बाल विकास परियोजना कार्यालय एवं जीविका के प्रखंड स्तर के अधिकारियों से शिकायत की गयी थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई.

इससे ग्रामीणों में नाराजगी है और वे संबंधित अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं. ग्रामीणों ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है.

बेटी के नाम पर मां द्वारा जीविका सीएम का कार्य करने का आरोप

बरियारपुर पश्चिमी पंचायत में आंगनबाड़ी केंद्र संख्या- 92 की सेविका मंजुलता राय पर अपनी पुत्री तन्नू कुमारी के नाम पर जीविका सीएम का कार्य करने का गंभीर आरोप लगाया गया है. ग्रामीणों के अनुसार, वर्ष 2022 से पद पर नियुक्ति के बावजूद समस्त जिम्मेदारियों का निर्वहन उनकी मां द्वारा किया जा रहा है.

सहायिका पर भी जीविका सीएम के रूप में कार्य करने का आरोप

बरियारपुर पश्चिमी पंचायत में आंगनबाड़ी केंद्र संख्या- 93 की सहायिका विभा कुमारी को लेकर भी ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं. ग्रामीणों के अनुसार, विभा कुमारी सहायिका के पद पर कार्यरत रहते हुए वर्ष 2015 से जीविका सीएम के रूप में भी कार्य कर रही है और केंद्र पर उनके स्थान पर अन्य महिला से कार्य कराया जाता है.

सीडीपीओ ने दिए जांच और स्पष्टीकरण के निर्देश

खोदावंदपुर की प्रखंड बाल विकास परियोजना पदाधिकारी माला कुमारी ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद संबंधित सहायिका की अनुपस्थिति का विवरण और स्पष्टीकरण मांगा गया है. संतोषजनक जवाब न मिलने पर चयनमुक्त करने की अनुशंसा की जाएगी.

जीविका बीपीएम ने कही जांच के बाद कार्रवाई की बात

जीविका के खोदावंदपुर प्रखंड परियोजना प्रबंधक मनोज कुमार कर्ण ने बताया कि विभा कुमारी एवं तन्नू कुमारी से संबंधित मामला उनके संज्ञान में आया है. मामले की जांच-पड़ताल कराकर प्राप्त तथ्यों एवं रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राजेश कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >