Begusarai News : ‘समृद्ध महिला-समृद्ध बिहार अभियान’ का शुभारंभ गुरुवार को पटना के बापू सभागार में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत पांच लाख महिला लाभुकों के खाते में राशि का अंतरण किया गया. साथ ही जीविका निधि से 10 हजार लाभुकों को ऋण वितरण, विकसित भारत-जी राम जी योजना के तहत 112 ग्रामीण हाटों के निर्माण का कार्यारंभ तथा प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय एवं मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किया गया.
कारगिल विजय सभागार में हुआ सीधा प्रसारण
राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण बेगूसराय के कारगिल विजय सभागार में किया गया. इस अवसर पर जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय, उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी, अनुमंडल पदाधिकारी, बलिया अजय कुमार, जिला परियोजना प्रबंधक, जीविका अविनाश कुमार सहित बड़ी संख्या में जीविका दीदियां उपस्थित रहीं. उपस्थित लोगों ने पटना में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा.
जिले में 4.74 लाख आवेदन स्वीकृत
जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय ने मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि बेगूसराय जिले में योजना के तहत कुल 4 लाख 74 हजार 606 आवेदन स्वीकृत किए गए हैं. इनमें से अब तक 4 लाख 59 हजार 95 आवेदकों को प्रथम किस्त के रूप में 10-10 हजार रुपये की राशि दी जा चुकी है. योजना से लाभान्वित आवेदकों में 31,078 शहरी क्षेत्र के आवेदक भी शामिल हैं.
2,455 जीविका दीदियों को पहली और 6,282 आवेदकों को दूसरी किस्त
जिला पदाधिकारी ने बताया कि गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान बेगूसराय जिले की 2,455 जीविका दीदियों को प्रथम किस्त के रूप में 10-10 हजार रुपये तथा 6,282 आवेदकों को द्वितीय किस्त के रूप में 20-20 हजार रुपये की राशि अंतरित की गयी.
महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही योजना
उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी ने मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की सराहना करते हुए कहा कि यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ ग्रामीण आजीविका और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है. योजना के माध्यम से महिलाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर मिल रहे हैं. इससे परिवारों की आय में वृद्धि के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गति मिल रही है.
Also Read : बड़ी बलिया उत्तरी के कसबा गांव में 24 घंटे की शिव धूनी शुरू, श्रद्धालुओं ने की भगवान महादेव की आराधना
जीविका दीदियों में दिखा उत्साह
कारगिल विजय सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जीविका दीदियों में योजना को लेकर विशेष उत्साह देखा गया. बड़ी संख्या में उपस्थित दीदियों ने राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा तथा महिला रोजगार और आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में सरकार की पहलों की सराहना की.
Also Read : बखरी-रोसड़ा मुख्य पथ पर अतिक्रमण से बढ़ी जाम की समस्या, स्कूली बच्चों और राहगीरों को हो रही परेशानी
पुष्पगुच्छ भेंट कर अधिकारियों का किया स्वागत
कार्यक्रम के दौरान जिला पदाधिकारी और उप विकास आयुक्त का स्वागत जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक अविनाश कुमार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर किया. धन्यवाद ज्ञापन एमएमआरवाई के जिला नोडल भवानी शंकर ने किया. मौके पर जीविका के विषयगत प्रबंधक सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे.
Also Read : बड़ी बलिया उत्तरी के कसबा गांव में 24 घंटे की शिव धूनी शुरू, श्रद्धालुओं ने की भगवान महादेव की आराधना
