बेगूसराय: बछवाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ने पांच टीबी मरीजों को लिया गोद, पौष्टिक आहार किट का किया वितरण

बेगूसराय के बछवाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ने पांच टीबी मरीजों को गोद लिया है। अस्पताल प्रशासन इलाज के दौरान इन मरीजों को हर महीने पौष्टिक आहार किट उपलब्ध कराएगा।

Begusarai News: बेगूसराय जिले के बछवाड़ा प्रखंड मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में सोमवार को प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मनोज कुमार के नेतृत्व में पांच टीबी (क्षय रोग) मरीजों के बीच पौष्टिक आहार किट का वितरण किया गया. इस अवसर पर प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक अमर कुमार आर्या और एसटीएस राधा कुमारी अग्रवाल विशेष रूप से मौजूद रहे.

अस्पताल प्रशासन उठाएगा पोषण का खर्च

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि टीबी पीड़ित मरीजों—ज्योति कुमारी, गायत्री कुमारी, फुलमा देवी, प्रमोद यादव और सुरेश यादव की कमजोर आर्थिक स्थिति को देखते हुए बछवाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र द्वारा उन्हें गोद लिया गया है. उन्होंने कहा कि इलाज के दौरान शरीर को मिलने वाले सही पोषण को सुनिश्चित करने के लिए अस्पताल प्रशासन की ओर से इन पांचों मरीजों को हर महीने पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जाएगा.

लक्षण दिखने पर तुरंत कराएं मुफ्त जांच व इलाज

स्वास्थ्य प्रबंधक अमर कुमार आर्या ने आम जनमानस से अपील करते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति में टीबी के लक्षण दिखने पर वे तुरंत बछवाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें. उन्होंने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार टीबी मरीजों के लिए मुफ्त जांच, मुफ्त दवा और पौष्टिक आहार के लिए सीधे बैंक खाते में आर्थिक सहायता देने की व्यवस्था उपलब्ध है. उन्होंने मरीजों को सलाह दी कि अस्पताल से मिलने वाली दवाओं का सेवन लगातार छह महीने तक करें और डॉक्टर की सलाह के बिना बीच में दवा कतई बंद न करें.

टीबी के मुख्य लक्षण

स्वास्थ्य अधिकारियों ने टीबी के मुख्य लक्षणों के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि:

  • दो सप्ताह या उससे अधिक समय से लगातार खांसी रहना
  • कफ के साथ मुंह से खून आना
  • शाम के वक्त हल्का बुखार रहना
  • रात के समय अचानक पसीना आना
  • वजन में लगातार गिरावट और हमेशा थकान महसूस होना

यदि किसी व्यक्ति में इस प्रकार के लक्षण दिखते हैं, तो उन्हें बिना किसी देरी के नजदीकी सरकारी अस्पताल के डॉक्टरों से संपर्क कर मुफ्त जांच व उपचार का लाभ उठाना चाहिए. इस दौरान टीबी मरीजों के अभिभावक और आशा कार्यकर्ता भी मौजूद थे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

डबलू कुमार प्रिंट माध्यम में 10 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अकबरनगर (भागलपुर) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. इतिहास, राजनीति और विज्ञान में गहरी रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >