बेगूसराय बखरी प्रखंड में पदस्थापित प्रधान शिक्षकों की आवश्यक बैठक सोमवार को नवसृजित प्राथमिक विद्यालय नाईटोला मक्खाचक में आयोजित हुई. बैठक की अध्यक्षता राधेश्याम तांती ने की, जबकि संचालन मुरारी ठाकुर ने किया. बैठक में प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों में पदस्थापित प्रधान शिक्षक शामिल हुए.
12 सदस्यीय कार्यसमिति का गठन
बैठक के दौरान प्रधान शिक्षकों की समस्याओं और अधिकारों को लेकर प्रखंड स्तरीय संघ का गठन किया गया. इसके लिए 12 सदस्यीय कार्यसमिति का चयन किया गया. कार्यसमिति में सर्वसम्मति से राधेश्याम तांती को संरक्षक, रामकुमार सहनी को प्रखंड अध्यक्ष, विनिता माधवी को उपाध्यक्ष, मुरारी ठाकुर को सचिव, जयंती कुमारी को सहसचिव तथा शुभंकर कुमार को कोषाध्यक्ष चुना गया.
मूल वेतन वृद्धि और सातवें वेतनमान का लाभ प्रमुख मांग
प्रधान शिक्षकों ने कहा कि मूल वेतन में वृद्धि और सातवें वेतनमान का समुचित लाभ उनकी प्रमुख मांग है. शिक्षकों ने आरोप लगाया कि वर्ष 2021 में प्रधान शिक्षकों के लिए जो वेतन निर्धारित किया गया था, उसी वेतन को वर्ष 2025 में लागू किया गया.
उनका कहना था कि यदि निर्धारित समय के अनुसार वेतन में वार्षिक वृद्धि की जाती तो वर्तमान में उन्हें बेहतर वेतन मिल रहा होता.
मूल वेतन 44,900 रुपये करने की मांग पर बनी सहमति
बैठक में उपस्थित सभी प्रधान शिक्षकों ने इस व्यवस्था पर असंतोष जताते हुए मूल वेतन कम से कम 44,900 रुपये करने की मांग की.
शिक्षकों ने कहा कि जिला और राज्य स्तर के संगठन द्वारा इस मुद्दे पर जो भी निर्णय लिया जाएगा, प्रखंड कमेटी उसके समर्थन में पूरी मजबूती से खड़ी रहेगी और जरूरत पड़ने पर तन-मन-धन से सहयोग करेगी.
जिला एवं राज्य संगठन के फैसलों के साथ चलने का संकल्प
बैठक के अंत में प्रधान शिक्षकों ने एकजुट होकर जिला एवं राज्य संगठन के निर्णय के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने का संकल्प लिया. मौके पर नंदन रजक, मोहम्मद अदलेगीर आलम, अविनाश कुमार, दीपक कुमार, रवि कुमार साहनी, विकास कुमार, प्रदीप कुमार पटेल, विद्यानंद महतो, धीरज कुमार, फुलन कुमार गौड़, चंदा कुमारी, ज्योति कुमारी समेत अन्य प्रधान शिक्षक मौजूद थे.
