Begusarai News: बेगूसराय जिले अंतर्गत गढ़पुरा प्रखंड सभागार में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 'हर घर तिरंगा' अभियान को ऐतिहासिक व सफल बनाने के उद्देश्य से सोमवार की शाम एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अखिलेश्वर कुमार ने की. इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के प्रतिनिधि, जीविका दीदियां और पंचायत प्रतिनिधि मुख्य रूप से शामिल हुए.
12 अगस्त को सुबह 8:30 बजे निकलेगी तिरंगा यात्रा
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 12 अगस्त को सुबह 8:30 बजे प्रखंड स्तर से लेकर सभी पंचायतों में विशाल तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी. बीडीओ अखिलेश्वर कुमार ने तैयारियों का जायजा लेते हुए निर्देश दिया कि पंचायत स्तर पर जनप्रतिनिधियों, स्कूली छात्र-छात्राओं, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं और जीविका दीदियों के संयुक्त सहयोग से तिरंगा यात्रा निकाली जाए. इसके लिए सभी संबंधित विभागों व पंचायतों को अपने-अपने क्षेत्रों का रूट चार्ट तैयार कर प्रखंड मुख्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है.
पूरे प्रखंड में 6,600 तिरंगों का हुआ वितरण
बीडीओ ने जानकारी दी कि अभियान को जन-आंदोलन का रूप देने के लिए पूरे प्रखंड क्षेत्र में पंचायतों और विभिन्न विभागों के माध्यम से लगभग 6,600 राष्ट्रीय ध्वजों का वितरण किया जा चुका है. इसका मुख्य उद्देश्य हर घर, दुकान और संस्थान तक तिरंगा पहुंचाकर आम जनता की शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करना है.
राष्ट्रभक्ति और सम्मान का प्रतीक है यह अभियान
बीडीओ अखिलेश्वर कुमार ने कहा कि 'हर घर तिरंगा' अभियान महज एक औपचारिक या सरकारी कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह हर नागरिक के दिल में देश के प्रति अथाह सम्मान, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति की भावना को प्रज्वलित करने का अभियान है. उन्होंने सभी अधिकारियों और प्रतिनिधियों से पूरी निष्ठा के साथ इस राष्ट्रीय पर्व के आयोजन को भव्य बनाने का आह्वान किया.
Also Read: बेगूसराय के चार लाभुकों से मुख्यमंत्री ने किया संवाद, शिकायत पर त्वरित कार्रवाई का दिया निर्देश
