ganesh utsav : गढ़पुरा प्रखंड क्षेत्र में गणेश चतुर्थी को लेकर तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गयी हैं. भगवान गणेश की पूजा-अर्चना को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है. प्रखंड क्षेत्र में गढ़पुरा ठाकुरवाड़ी प्रांगण, सोनमा, कनौसी सहित विभिन्न स्थानों पर गणेशोत्सव का आयोजन भव्य तरीके से किया जाता है. पूजा को लेकर पूजा समितियों एवं स्थानीय युवाओं द्वारा पंडाल निर्माण, प्रतिमा स्थापना सहित अन्य तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है.
पिछले 10 वर्षों से यहां मनाया जा रहा है गणेशोत्सव
गढ़पुरा ठाकुरवाड़ी प्रांगण में युवा सामाजिक संघ, गढ़पुरा की ओर से इस वर्ष गणेशोत्सव को विशेष रूप से भव्य बनाने की तैयारी की जा रही है. पूजा स्थल की सजावट, पंडाल निर्माण और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर काम तेज कर दिया गया है. गणेश पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है. युवा सामाजिक संघ के अध्यक्ष ऋतुराज कुमार ने बताया कि संघ की ओर से पिछले 10 वर्षों से लगातार गणेशोत्सव का आयोजन किया जा रहा है. इस वर्ष 11वें वर्ष में भगवान गणेश की पूजा को और अधिक भव्य एवं आकर्षक तरीके से मनाने की तैयारी की गई है.
चार दिनों तक चलेगी पूजा, जुटेगी श्रद्धालुओं की भीड़
उन्होंने बताया कि इस बार चार दिवसीय गणेशोत्सव का आयोजन होगा. उन्होंने बताया कि 15 सितंबर को गणपति बप्पा की प्रतिमा स्थापना एवं पूजा-अर्चना के साथ चार दिवसीय उत्सव का शुभारंभ होगा. इसके बाद 16 और 17 सितंबर को विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जबकि 18 सितंबर को विधि-विधान के साथ गणपति बप्पा की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा. उत्सव को लेकर स्थानीय लोगों और युवाओं में विशेष उत्साह है. आकर्षण का केंद्र रहेगा गणेशोत्सव आयोजकों के अनुसार, इस वर्ष गणेशोत्सव को यादगार बनाने के लिए पूजा स्थल को आकर्षक तरीके से सजाने की तैयारी है.
