पोषण पखवारा में गढ़पुरा राज्य में अव्वल, सीडीपीओ हुए पुरस्कृत

समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित पोषण पखवाड़ा कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए गढ़पुरा की सीडीपीओ अनूप कुमार जायसवाल को राज्य स्तर पर प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया है.

गढ़पुरा. समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित पोषण पखवाड़ा कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए गढ़पुरा की सीडीपीओ अनूप कुमार जायसवाल को राज्य स्तर पर प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया है. यह सम्मान पटना स्थित ज्ञान भवन में आयोजित एक भव्य समारोह के दौरान बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री सह समाज कल्याण मंत्री विजेंद्र यादव द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर दिया गया. जानकारी के अनुसार पोषण पखवाड़ा के दौरान संचालित विभिन्न गतिविधियों में समेकित बाल विकास परियोजना गढ़पुरा ने पूरे राज्य में सबसे बेहतर प्रदर्शन किया. इस उपलब्धि के आधार पर सीडीपीओ अनूप कुमार जायसवाल को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार दिया गया. कार्यक्रम में राज्यभर से आए अधिकारियों के बीच गढ़पुरा परियोजना की सराहना की गयी. पोषण पखवाड़ा के अंतर्गत क्षेत्र में पोषण जागरूकता, बच्चों के स्वास्थ्य, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के देखभाल, स्वच्छता और संतुलित आहार को लेकर कई प्रभावी कार्यक्रम चलाये गये. आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से घर-घर तक संदेश पहुंचाया गया. जिसका सकारात्मक प्रभाव देखने को मिला. इस उपलब्धि को लेकर समेकित बाल विकास परियोजना गढ़पुरा के अंतर्गत कार्यरत आंगनबाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं में काफी उत्साह है. सभी ने इसे टीम वर्क का परिणाम बताया। स्थानीय स्तर पर भी इस सम्मान को लेकर खुशी का माहौल है. सीडीपीओ अनूप कुमार जायसवाल ने बताया कि सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुसार सभी गतिविधियों को धरातल पर उतारने का प्रयास किया गया. उन्होंने कहा कि इस सफलता में आंगनबाड़ी सेविकाओं, सहायिकाओं और विभागीय कर्मियों का अहम योगदान रहा है. उन्होंने आगे कहा कि यह पुरस्कार उनके लिए गर्व की बात है और इससे उन्हें भविष्य में और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी. उन्होंने भरोसा जताया कि आगे भी गढ़पुरा परियोजना राज्य में अपनी पहचान बनाये रखेगी और पोषण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य जारी रहेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By MANISH KUMAR

MANISH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >