तेघड़ा. तेघड़ा प्रखंड के गौरा-एक पंचायत स्थित सरस्वती विद्या निकेतन माडल स्कूल, गौरा में आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. विद्यालय परिसर में गुरुवार को फुल ड्रेस रिहर्सल का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ मार्च पास्ट एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का अभ्यास किया. रिहर्सल के दौरान छात्राएं एनसीसी एवं गाइड की वर्दी में आकर्षण का केंद्र रहीं. लाल-सफेद परेड ड्रेस, कलगी लगी टोपी और तिरंगा पट्टा पहने छात्राओं ने देशभक्ति के जोश के साथ परेड का प्रदर्शन किया. विद्यालय परिसर देशभक्ति के माहौल से सराबोर रहा और बच्चों में स्वतंत्रता दिवस को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला. विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि 15 अगस्त को ध्वजारोहण, प्रभात फेरी, देशभक्ति गीत, भाषण प्रतियोगिता तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा. समारोह को यादगार बनाने के लिए छात्र-छात्राओं को नियमित रूप से अभ्यास कराया जा रहा है, ताकि कार्यक्रम अनुशासित एवं आकर्षक ढंग से संपन्न हो सके. विद्यालय की प्रधानाध्यापिका रंजू कुमारी ने बताया कि हाल ही में माडल स्कूलों के शिक्षकों का पांच दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण डायट शाहपुर, बेगूसराय में आयोजित किया गया था। प्रशिक्षण से प्राप्त अनुभवों का उपयोग विद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में किया जा रहा है. रिहर्सल कार्यक्रम का संचालन प्रधानाध्यापिका रंजू कुमारी के नेतृत्व में हुआ. इस दौरान नेतृत्वकर्ता शिक्षिका मधु कुमारी एवं शिक्षक अविनाश कुमार ने छात्राओं को परेड, अनुशासन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का अभ्यास कराया. विद्यालय परिवार ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह को राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और सांस्कृतिक चेतना के साथ मनाया जाएगा.
स्वतंत्रता दिवस को लेकर मॉडल स्कूल गौरा में फुल ड्रेस रिहर्सल अभ्यास शुरू
तेघड़ा के सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां तेज, छात्राओं ने किया फुल ड्रेस रिहर्सल और मार्च पास्ट का अभ्यास।

गौरा माॅडल विद्यालय के छात्र छात्राओं ने किया परेड अभ्यास | Prabhat Khabar Network