बखरी(बेगूसराय) नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड स्थित रेलवे ढाला के समीप पठानटोली मोहल्ले में चोरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है.ताजा घटना में चोरों ने एक शिक्षक के घर को निशाना बनाया. हैरत की बात यह रही कि चोरी से पहले बदमाशों ने घर में रखा खाना भी खाया और फिर नकदी व कीमती सामान लेकर फरार हो गए.लगातार हो रही चोरी की वारदातों से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.पीड़ित शिक्षक मौलाना कमरे आलम ने बताया कि चोर पीछे के रास्ते छज्जे के सहारे घर में दाखिल हुए.कमरे का दरवाजा हाल ही में लगाया गया था और कुंडी खुली होने का फायदा उठाकर बदमाश अंदर घुस गए.कमरे में रखा भोजन खाने के बाद उन्होंने कुर्ते की जेब में रखे करीब पांच हजार रुपये नकद,दो मोबाइल फोन,दो चार्जर,ब्लूटूथ और एयरबड चोरी कर लिए.पीड़ित द्वारा घटना के संबंध में आवेदन बखरी थाना पुलिस को दिया है.वही आवेदन मिलते ही पुलिस मोबाइल की लोकेशन के आधार पर चोरों की तलाश में जुट गई है.मौलाना ने बताया कि इसी रात रेलवे पार स्थित कोयरी टोला के दो अन्य घरों से भी मोबाइल समेत अन्य सामान चोरी होने की सूचना मिली है. मोहल्ले के निवासी मो. शमशाद खान ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले उनके बंद घर में भी चोरों ने धावा बोलकर लगभग 45 से 50 हजार रुपये नकद और गोदरेज की तिजोरी में रखे जेवरात चोरी कर लिए थे.उस समय पूरा परिवार रिश्तेदारी में गया हुआ था.उन्होंने बताया कि चोर घर में रखे बिस्कुट,दालमोठ और पानी का भी इस्तेमाल कर आराम से फरार हो गए.लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में आक्रोश और भय दोनों देखा जा रहा है.सुरक्षा के मद्देनजर मोहल्ले के युवाओं ने रात में स्वयं पहरा देना शुरू कर दिया है.युवकों का कहना है कि बुधवार रात भी दो संदिग्ध युवक चेहरे पर गमछा बांधे मोहल्ले में घूमते दिखाई दिए.लोगों के पास पहुंचने से पहले ही दोनों अंधेरी गली का फायदा उठाकर फरार हो गए.स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मोहल्ले में रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर शीघ्र अंकुश लगाने की मांग की है.
बखरी में बेखौफ चोरों का आतंक,घर में खाना खाया, नकदी-मोबाइल समेटे और फरार,मोहल्ले में दहशत
बेगूसराय के बखरी में चोरों ने शिक्षक के घर को बनाया निशाना। खाना खाने के बाद नकदी और मोबाइल लेकर हुए फरार, इलाके में दहशत का माहौल।

बखरी थाना का बोर्ड | Prabhat Khabar Network