Begusarai News : साहेबपुर कमाल प्रखंड की सनहा पश्चिम पंचायत भवन में रविवार को राज्य सरकार की सुशासन व्यवस्था थीम के तहत ग्राम सभा का आयोजन किया गया. बैठक की अध्यक्षता मुखिया पूनम देवी ने की. सभा में सुशासन, जनभागीदारी, पंचायत विकास योजनाओं और ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) पर विस्तार से चर्चा की गई. साथ ही पंचायत के समग्र विकास के लिए विभिन्न योजनाओं को जीपीडीपी में शामिल करने का निर्णय लिया गया. इसके लिए 15 अगस्त 2026 तक प्रस्ताव भेजने की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है.
ग्राम सभा को सशक्त बनाने पर जोर दिया
पूर्व प्रमुख मनोज कुमार ने कहा कि सुशासन ऐसी व्यवस्था है, जिसमें प्रशासन पारदर्शी, जवाबदेह, सहभागी, न्यायपूर्ण, प्रभावी और भ्रष्टाचार मुक्त हो. उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को समान अवसर और समय पर गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिलनी चाहिए. उन्होंने बताया कि सुशासन का उद्देश्य पंचायतों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना, सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना, ग्राम सभाओं को सशक्त बनाना तथा जनभागीदारी को बढ़ावा देना है.
उन्होंने कहा कि सुशासन के सात प्रमुख आधार पारदर्शिता, जवाबदेही, जनभागीदारी, विधि का शासन, समानता एवं समावेशिता, प्रभावशीलता एवं दक्षता तथा उत्तरदायित्व हैं. उनके अनुसार वही गांव सुशासित माना जाएगा, जहां प्रत्येक नागरिक विकास कार्यों में भागीदारी निभाए, योजनाओं का लाभ निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से मिले तथा प्रशासन जनता के प्रति जवाबदेह हो.
विकास योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गयी
ग्राम सभा में पंचायत सरकार भवन, विवाह भवन, पैक्स गोदाम, खेल मैदान, पावर ग्रिड, आंगनबाड़ी केंद्र, विद्यालयों की चाहरदीवारी, शवदाह गृह, हाट-बाजार, मीटिंग हॉल, पंचायत प्रवेश द्वार, सीसीटीवी कैमरे, स्ट्रीट लाइट, नाला-स्लैब निर्माण, पीसीसी सड़क, फाइबर ब्लॉक, कुओं की मरम्मत, सुरक्षा दीवार और सीढ़ी घाट समेत कई आधारभूत विकास योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई. उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से इन योजनाओं को जीपीडीपी में शामिल करने का निर्णय लिया.
इस दौरान पंचायत समिति सदस्य पुष्प कुमार पासवान ने ग्राम सभा में अनुपस्थित वार्ड सदस्यों, उपमुखिया और सरपंच के विरुद्ध निंदा प्रस्ताव रखा, जिसे उपस्थित ग्रामीणों ने ध्वनि मत से सर्वसम्मति से पारित कर दिया.
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में पैक्स अध्यक्ष रतन पासवान, उपसरपंच परमानंद ठाकुर, कार्यपालक सहायक प्रशांत कुमार, ग्राम कचहरी सचिव शिवानी कुमारी, विकास मित्र इंदु कुमारी, वार्ड सदस्य चंद्रावती देवी, रंजना देवी और पवन देवी, वार्ड पंच सागर महतो, अनवर आलम, सकलदेव चौधरी, रामचंद्र चौधरी, मोहम्मद नौशाद, गुलाम बख्शी, गुंजन कुमार, स्वच्छता पर्यवेक्षक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.
