Begusarai News : साहेबपुर कमाल प्रखंड क्षेत्र के सनहा पश्चिम पंचायत अंतर्गत कब्रिस्तान ढाला सीढ़ी घाट के समीप गंगा नदी में स्नान करने के दौरान डूबने से 71 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गयी. मृतक की पहचान सनहा पश्चिम निवासी बाबूलाल चौधरी के पुत्र लक्ष्मण चौधरी के रूप में हुई है. हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गयी.
स्नान के दौरान गहरे पानी में चले गये वृद्ध
ग्रामीणों के अनुसार, लक्ष्मण चौधरी सोमवार की शाम गंगा नदी में स्नान कर रहे थे. इसी दौरान अचानक वे गहरे पानी में चले गये और डूब गये. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गये. परिजनों को सूचना मिलने के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गयी.
सुबह से शुरू हुई तलाश, घंटों बाद मिला शव
घटना के बाद स्थानीय गोताखोर अजीत कुमार के नेतृत्व में मंगलवार की सुबह गोताखोरों की टीम ने गंगा में शव की तलाश शुरू की. लगातार प्रयास के बाद टीम ने शव को बरामद कर लिया. शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. स्थानीय लोगों ने शव की तलाश में जुटे गोताखोरों की तत्परता की सराहना की.
पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
घटना की सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया. पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.
आश्रित परिवार को पांच लाख मुआवजे की मांग
घटना के बाद पूर्व प्रमुख मनोज कुमार ने सरकार और प्रशासन से मृतक के आश्रित परिवार को पांच लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की है. उन्होंने कहा कि परिवार के कमाऊ सदस्य की असमय मौत से परिजनों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है. ऐसे में सरकार को पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध करानी चाहिए.
