Begusarai News : बेगूसराय के साहेबपुरकमाल में सीपीआई अंचल सचिव मनोज कुमार ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को छात्र आंदोलन और लोकतंत्र की जीत बताया. उन्होंने कहा कि जब छात्र-युवा अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर संघर्ष करते हैं तो सत्ता को उनकी आवाज सुननी पड़ती है.
'छात्र आंदोलन की बड़ी जीत'
मनोज कुमार ने कहा कि नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों ने लोकतांत्रिक तरीके से मजबूत आंदोलन किया. उन्होंने दावा किया कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे से यह साबित हुआ है कि जनरेशन-ज़ेड के नेतृत्व में चला छात्र आंदोलन सफल रहा और यह लोकतंत्र की वास्तविक ताकत का उदाहरण है.
'आंदोलन के दौरान कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा'
सीपीआई नेता ने कहा कि आंदोलन के दौरान छात्रों को पानी, भोजन और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं में दिक्कतों का सामना करना पड़ा. उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलन में शामिल छात्र-छात्राओं के आवागमन में बाधाएं उत्पन्न की गईं तथा मेट्रो स्टेशन और इंटरनेट सेवाओं पर भी प्रतिबंध लगाए गए. इसके बावजूद छात्र अपने आंदोलन से पीछे नहीं हटे और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को उठाते रहे.
'लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए युवाओं की भूमिका अहम'
मनोज कुमार ने कहा कि संघर्ष को दबाने के सभी प्रयास अंततः असफल रहे और छात्रों की एकजुटता के सामने सरकार को झुकना पड़ा. उन्होंने देशभर के छात्र-छात्राओं और युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि यह आंदोलन लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है और आने वाले समय में भी युवा जनहित के मुद्दों पर संगठित होकर अपनी आवाज बुलंद करते रहेंगे.
