Begusarai News: राजकीय अयोध्या शिवकुमारी आयुर्वेद महाविद्यालय सह चिकित्सालय के पूर्ववर्ती छात्र एवं गत वर्ष 'लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड' से सम्मानित डॉ. बीपी शर्मा का गुरुवार की रात निधन हो गया. उनके निधन की खबर मिलते ही आयुर्वेद के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है. वे अपने पीछे एक समृद्ध चिकित्सीय विरासत छोड़ गए हैं, जिसकी क्षेत्र के तमाम चिकित्सकों ने सराहना की है.
पैतृक आवास पहुंच दिग्गजों ने दी श्रद्धांजलि
निधन की सूचना पाकर पूर्ववर्ती छात्र समिति के अध्यक्ष सह आयुर्वेद महाविद्यालय बेगूसराय के एनाटॉमी विभाग के प्राध्यापक डॉ. लाल कौशल कुमार तथा पूर्ववर्ती छात्र समिति के सचिव सह जिला देशी चिकित्सा पदाधिकारी व आयुर्वेद कॉलेज के उपाधीक्षक डॉ. दिलीप कुमार वर्मा ने उनके कैथ ग्राम स्थित आवास पर जाकर उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित किए और अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि व्यक्त की. इस दुखद अवसर पर नीमा, बखरी शाखा के अध्यक्ष डॉ. हेमचंद्र महतो एवं डॉ. एस.एन. पोद्दार भी मुख्य रूप से शामिल थे.
शोकसभा आयोजित कर व्यक्तित्व पर डाला गया प्रकाश
डॉ. बीपी शर्मा के सम्मान में आयुर्वेद महाविद्यालय परिसर में डॉ. लाल कौशल कुमार की अध्यक्षता में एक विशेष शोकसभा का आयोजन किया गया. इस शोकसभा में डॉ. हेमचंद्र महतो, डॉ. ललित कुमार, डॉ. संजय कुमार, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. प्रमोद कुमार और डॉ. रामनंदन साहनी सहित कई अन्य चिकित्सकों ने उनके व्यक्तित्व और आयुर्वेद के क्षेत्र में दिए गए अमूल्य योगदान पर प्रकाश डाला तथा मृत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की. ज्ञात हो कि स्वर्गीय डॉ. शर्मा को गत वर्ष आयुर्वेद महाविद्यालय में आयोजित 'आयुरकान' समारोह में प्रतिष्ठित लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया था.
