बेगूसराय: भोज से लौट रहे डॉक्टर की स्कॉर्पियो पर ताबड़तोड़ फायरिंग, दो गोलियां लगीं, बाल-बाल बचे चिकित्सक

बेगूसराय जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. भोज खाकर लौट रहे एक डॉक्टर की गाड़ी पर अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गनीमत रही कि डॉक्टर बाल-बाल बच गए, लेकिन उनकी गाड़ी में दो गोलियां लगीं.

Begusarai News: बेगूसराय जिले के साहेबपुरकमाल थाना क्षेत्र के विष्णुपुर आहोक पंचायत स्थित रजौड़ा गांव में बीती रात भोज खाकर निजी स्कॉर्पियो गाड़ी से बेगूसराय लौट रहे एक डॉक्टर की गाड़ी पर अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी. इस घटना में दो गोलियां वाहन में लगीं, हालांकि चिकित्सक बाल-बाल बच गए. पीड़ित ने थाने में आवेदन देकर रजौड़ा निवासी राजबब्बर यादव समेत चार लोगों को नामजद किया है, जिसके आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

गाली-गलौज व फोन पर जान से मारने की धमकी

पीड़ित डॉ. जितेंद्र कुमार ने बताया कि वे बेगूसराय के पावर हाउस चौक के समीप श्री साईं हॉस्पिटल का संचालन करते हैं और सपरिवार बेगूसराय की अर्चना बिहार कॉलोनी में रहते हैं. रविवार देर शाम वे अपने मूल गांव रजौड़ा में एक श्रद्धांजलि सभा व भोज में शामिल होने आए थे. भोज के बाद जब वे निकलने लगे तो गांव के ही राजबब्बर यादव ने बिना किसी विवाद के उन्हें गांव आने से मना करते हुए गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी दी. इसके बाद डॉक्टर अपने गांव वाले घर पर रुक गए, तो आरोपी ने फोन पर फिर से जान से मारने की धमकी दी.

रास्ते में घेरकर चलाई गोलियां, एक आरोपी गिरफ्तार

लगभग दो घंटे बाद जब चिकित्सक अपनी स्कॉर्पियो से बेगूसराय के लिए निकले, तो मध्य विद्यालय रजौड़ा के पास पहले से घात लगाए राजबब्बर यादव व अन्य तीन बदमाशों ने हथियार के बल पर गाड़ी रोकने की कोशिश की. अनहोनी की आशंका में डॉक्टर ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी, जिस पर बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. दो गोलियां गाड़ी के पिछले हिस्से में लगीं, लेकिन डॉक्टर सुरक्षित निकलने में सफल रहे.

घटना की सूचना मिलते ही बलिया डीएसपी सुबोध कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की. प्रभारी थानाध्यक्ष ने प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए रजौड़ा गांव निवासी चंडी यादव के 30 वर्षीय पुत्र अमर यादव को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Ajay kumar

Published by: Vikash Jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >