बेगूसराय: भाकपा कार्यकर्ताओं की बैठक में केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों पर साधा निशाना

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) रजौरा पंचायत शाखा ने केंद्र और बिहार सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज उठाई. बैठक में शिक्षा व्यवस्था के भगवाकरण और सरकारी धन के दुरुपयोग पर तीखे सवाल उठाए गए. 1 सितंबर को होने वाली दिल्ली रैली की तैयारियों पर भी चर्चा की गई.

Begusarai News: भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) रजौरा पंचायत शाखा की बैठक कॉ. कमली महतो स्मारक भवन में मोहम्मद अबू तालीम सरदार की अध्यक्षता में आयोजित की गई. बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र और बिहार सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जमकर निशाना साधा.

भाजपा और बिहार सरकार पर बोला हमला

बैठक को संबोधित करते हुए अंचल प्रभारी अनिल कुमार अंजान ने कहा कि भाजपा सत्ता के लिए किसी भी हद तक जा सकती है. उन्होंने कहा कि अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे की चोरी और जगद्गुरु शंकराचार्य के अपमान जैसी घटनाओं के बाद इनका हिंदू समर्थक होने का दावा खोखला साबित होता है.

अंजान ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बेगूसराय आगमन का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि हेलीपैड से लेकर सड़क मरम्मत के नाम पर बड़े पैमाने पर पैसों की लूट की गई है. उन्होंने आगे कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार के नाम पर पाठ्यक्रम से लेकर विद्यालयों तक का भगवाकरण किया जा रहा है. उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सरकार शिक्षा के प्रति गंभीर है, तो समान शिक्षा प्रणाली लागू क्यों नहीं करती? साथ ही उन्होंने सोनम वांगचुक का उदाहरण देते हुए लोकतंत्र पर बढ़ते खतरे को लेकर चिंता जताई.

1 सितंबर की दिल्ली रैली को लेकर रणनीति तैयार

सहायक अंचल मंत्री कॉ. सुनील कुमार ने बताया कि 6 अगस्त से 15 अगस्त तक पूरे देश में पदयात्रा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इस पदयात्रा के माध्यम से राज्य व केंद्र सरकार की विफलताओं को उजागर करते हुए लोगों से दिल्ली रैली में शामिल होने की अपील की जाएगी. उन्होंने कहा कि 1 सितंबर को होने वाली दिल्ली रैली केंद्र सरकार के लिए निर्णायक साबित होगी.

बैठक में शाखा मंत्री कॉ. विवेकानंद राय, जयनाथ महतो, जयंत महतो, जयजय राम साह, मो. एनूल हक, सुधांशु कुमार, रोशन कुमार, बिरंची तांती, विकास कुमार, राजेंद्र तांती, कृष्ण कुमार, नागो तांती और शिवम कुमार सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Bipin Kumar Mishra

Published by: Vikash Jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >