Begusarai News : भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) बरौनी अंचल परिषद की ओर से 'बीजेपी भगाओ, देश बचाओ' अभियान के तहत गुरुवार को जनजागरण पदयात्रा की शुरुआत की गई. पार्टी ने केंद्र और बिहार सरकार की नीतियों, महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार तथा बढ़ते अपराध के खिलाफ संघर्ष का ऐलान करते हुए अभियान की शुरुआत बीहट स्थित शहीद स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की.
ग्रामीणों से मिलकर सुनी गईं उनकी समस्याएं
पूर्व विधायक राम रतन सिंह और भाकपा बरौनी अंचल मंत्री प्रह्लाद सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा करते हुए असुरारी गांव पहुंचकर लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं. इस दौरान स्थानीय मुद्दों पर भी चर्चा की गई.
Also Read : ऑपरेशन मुस्कान के तहत नेमदारगंज पुलिस ने लौटाई तीन लोगों की मुस्कान, गुम हुए मोबाइल किए सुपुर्द
15 अगस्त तक हर पंचायत और मोहल्ले तक पहुंचेगा अभियान
भाकपा नेताओं ने बताया कि यह जनजागरण अभियान लगातार जारी रहेगा. पदयात्रा के माध्यम से कार्यकर्ता 15 अगस्त 2026 तक बरौनी प्रखंड की विभिन्न पंचायतों, गांवों, टोले और मोहल्लों में पहुंचकर लोगों से संवाद करेंगे तथा पार्टी की नीतियों और विचारों से उन्हें अवगत कराएंगे.
सरकार की नीतियों के खिलाफ लोगों को करेंगे जागरूक : भाकपा
भाकपा बरौनी अंचल मंत्री प्रह्लाद सिंह ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) देश में सौहार्द, सद्भाव और भाईचारे का माहौल बिगाड़ने का काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि पदयात्रा में शामिल कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर पार्टी का पक्ष रखेंगे और लोगों को विभिन्न मुद्दों पर जागरूक करेंगे. वहीं, पूर्व विधायक राम रतन सिंह ने कहा कि जनजागरण अभियान के माध्यम से केंद्र सरकार की नीतियों और कार्यशैली को जनता के सामने रखा जाएगा. उन्होंने कहा कि लोगों को संगठित कर विभिन्न जनसरोकार के मुद्दों पर जागरूक किया जाएगा.
Also Read : जुलाई में नवादा पुलिस ने 34 मामलों में लगाई क्लोजर रिपोर्ट, 23 केस 'सत्य सूत्रहीन' और 11 'तथ्य की भूल' निकले
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस अवसर पर शाखा मंत्री अशोक रजक, राजीव कुमार, दिलेर अफगान, संजीव सिंह, सुनील सिंह, अनिल सिंह, धीरेन्द्र कुमार, शंकर साह, अर्जुन सिंह, रामाधार सिंह, राम उदगार सिंह उर्फ भूतनाथ, भास्कर राय, धर्मेन्द्र कुमार, राम सेवक ठाकुर, उमेश पासवान, मनोज कुमार, डॉ. अजय कुमार सिंह, वशिष्ठ सिंह, योगी सिंह, भैरव पासवान सहित बड़ी संख्या में भाकपा कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे.
Also Read : ऑपरेशन मुस्कान के तहत नेमदारगंज पुलिस ने लौटाई तीन लोगों की मुस्कान, गुम हुए मोबाइल किए सुपुर्द
