बेगूसराय: चलती बाइक में अचानक लगी भीषण आग, जिंदा जलने से बचे दंपती और बच्चे

बेगूसराय में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक चलती बाइक में अचानक भीषण आग लग गई. गनीमत रही कि परिवार समय रहते सुरक्षित बच निकला. स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाया.

Begusarai News: बेगूसराय के नगर थाना क्षेत्र स्थित एनएच-31 पर सोमवार की रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती बाइक में अचानक भीषण आग लग गई. गनीमत यह रही कि बाइक सवार की समय पर पड़ी नजर और सूझबूझ के कारण एक बड़ा हादसा टल गया. हादसे में बाइक सवार पति, पत्नी और बच्चे पूरी तरह सुरक्षित हैं.

खरीदारी कर घर लौट रहा था परिवार

जानकारी के अनुसार, मनियप्पा गांव निवासी विजय कुमार अपनी पत्नी और बच्चों के साथ बाइक से खरीदारी करने बेगूसराय बाजार आए थे. जब वे अपने परिवार के साथ वापस घर लौट रहे थे, तभी ट्रैफिक चौक स्थित फल मंडी के पास बाइक के इंजन के पास से अचानक तेज धुआं निकलता दिखाई दिया.

देखते ही देखते जलकर खाक हुई बाइक

धुआं उठते ही विजय ने तुरंत गाड़ी रोकी और बिना देर किए पत्नी व बच्चों को बाइक से उतारकर सुरक्षित दूरी पर ले गए. वे आग लगने की वजह देखने ही वाले थे कि अचानक बाइक से लपटें उठने लगीं और देखते ही देखते गाड़ी धू-धू कर जलने लगी. सड़क के बीचों-बीच जलती बाइक को देखकर वाहनों की आवाजाही थम गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई.

स्थानीय लोगों ने पाया आग पर काबू

घटना के बाद स्थानीय दुकानदार और राहगीर तुरंत मदद के लिए आगे आए. लोगों ने पानी का इंतजाम कर काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया. फिलहाल बाइक में आग लगने का स्पष्ट कारण पता नहीं चल सका है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि इंजन में शॉर्ट सर्किट या फ्यूल लीक होने की वजह से यह हादसा हुआ होगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Bipin Kumar Mishra

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >