Begusarai News: बेगूसराय जिले के बखरी प्रखंड अंतर्गत शकरपुरा निवासी कांग्रेस पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष रजनीकांत पाठक की माता और स्थानीय पार्षद उमेश पाठक की भाभी मालती देवी (80 वर्ष) का शुक्रवार की देर शाम पटना में निधन हो गया. वे पिछले एक सप्ताह से अस्वस्थ चल रही थीं. शनिवार की सुबह उनका पार्थिव शरीर शकरपुरा स्थित पैतृक आवास लाया गया, जहां अंतिम दर्शन के लिए लोगों का तांता लग गया.
पैतृक आवास पर श्रद्धांजलि देने पहुंचे जनप्रतिनिधि और ग्रामीण
पार्थिव शरीर गांव पहुंचते ही क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा शोक-संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई. पुत्र रजनीकांत पाठक ने बताया कि उनकी माता अपने पीछे तीन पुत्रों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं.
सिमरिया घाट पर विधि-विधान से संपन्न हुआ अंतिम संस्कार
दिवंगत मालती देवी के निधन पर नगर परिषद की सभापति गीता देवी कुशवाहा, जदयू के पूर्व जिलाध्यक्ष भूमिपाल राय, पूर्व उपमुख्य पार्षद मनटुन सिंह, पार्षद उमेश पाठक, मधुसूदन महतो, अमरनाथ पाठक, कृष्ण मोहन चौधरी, मोहन पोद्दार, विनोद शर्मा, पवन सिंह, राघव सिंह, कृष्णदेव राय और कृष्णमोहन सिंह सहित कई गणमान्य लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया. इसके बाद सिमरिया स्थित पवित्र गंगा घाट पर पूरे विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार संपन्न कराया गया.
