बाढ़ के पानी में डूबने से कंपाउंडर की मौत, 2 दिन से था लापता; घर से 50 मीटर दूर गड्ढे में मिला शव

बेगूसराय में 43 वर्षीय निजी क्लिनिक कंपाउंडर दिलीप राय दो दिनों की तलाश के बाद मृत पाए गए. शनिवार रात घर से निकले दिलीप का शव सोमवार सुबह घर से महज 50 मीटर दूर पानी से भरे एक गहरे गड्ढे में मिला. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

Flood Update : बेगूसराय में दो दिन से घर से लापता दिलीप राय की तलाश में परिवार और ग्रामीण परेशान थे. सोमवार की सुबह घर से महज 50 मीटर दूर सड़क किनारे पानी से भरे गहरे गड्ढे में उनका शव तैरता मिला. शव मिलने की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गयी. बाढ़ के पानी से घिरे इलाके में हुए इस हादसे के बाद छितरौर गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है.

मृतक की पहचान मटिहानी थाना क्षेत्र के छितरौर वार्ड नंबर-10 निवासी स्व. शिवनंदन राय के पुत्र 43 वर्षीय दिलीप राय के रूप में हुई है. वह एक निजी क्लिनिक में कंपाउंडर के रूप में काम करते थे और परिवार के मुख्य सहारा थे.

शनिवार रात घर से निकले थे दिलीप

मृतक के भाई बमबम राय ने बताया कि शनिवार की देर रात करीब 11 से 12 बजे के बीच दिलीप घर से निकले थे. इसके बाद वह वापस नहीं लौटे. इन दिनों इलाके में बाढ़ का पानी फैला हुआ है. घर के पास सड़क किनारे भी पानी जमा है और वहां काफी गहरा गड्ढा बना हुआ है.

परिजनों को आशंका है कि रात के अंधेरे में पानी के कारण दिलीप का पैर फिसल गया और वह गहरे गड्ढे में जा गिरे. पानी अधिक गहरा होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सके और डूब गए.

ग्रामीणों के साथ परिजनों ने की तलाश

दिलीप के काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर आसपास के इलाके और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में उनकी तलाश शुरू की. काफी खोजबीन के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने उनकी तस्वीर के साथ सोशल मीडिया पर लापता होने की सूचना साझा की. लोगों से तलाश में सहयोग की अपील भी की गयी.

सुबह चार बजे पानी में दिखा शव

सोमवार सुबह करीब चार बजे ग्रामीणों की नजर घर के पास सड़क किनारे पानी से भरे गहरे गड्ढे पर पड़ी. पानी की सतह पर दिलीप राय का शव तैरता दिखाई दिया. इसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना परिजनों को दी. शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गयी.

पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव सौंपा

घटना की सूचना मिलने पर मटिहानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया. करीब तीन घंटे में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.

मुआवजे की मांग

घटना के बाद छितरौर गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है. स्थानीय ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन से आपदा राहत कोष के तहत पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है.

बेगूसराय में वारंटी को पकड़ने पहुंची पुलिस पर हमला, कई जवान चोटिल; जवाबी कार्रवाई में हमलावर धराए

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विकास कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >