Begusarai News : बेगूसराय में प्रस्तावित उच्च शिक्षा विधेयक के विरोध में ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के आह्वान पर स्व. विश्वनाथ सिंह शर्मा महाविद्यालय के शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों ने दूसरे दिन भी काला बिल्ला लगाकर विरोध-प्रदर्शन किया. महासचिव डॉ. नीलेश कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में शिक्षकों ने विधेयक वापस लेने की मांग दोहराई.
विधान पार्षदों और विधायक के समर्थन पर जताया आभार
महासचिव डॉ. नीलेश कुमार ने वाणिज्य महाविद्यालय, पटना में आयोजित बैठक की जानकारी देते हुए कहा कि सात विधान पार्षदों और एक विधायक ने शिक्षक संघ की मांगों का समर्थन करते हुए विधेयक वापस होने तक आंदोलन के साथ खड़े रहने का आश्वासन दिया है. इस दौरान संजीव कुमार सिंह, मदन मोहन झा, बीरेंद्र नारायण यादव, संजय कुमार सिंह, नवल किशोर यादव, नीरज कुमार, सर्वेश कुमार और विनय चौधरी के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया गया.
विधेयक पर पुनर्विचार की मांग
प्रदर्शन में शामिल शिक्षकों, शिक्षकेत्तर कर्मियों और अतिथि शिक्षकों ने निर्णय लिया कि सरकार द्वारा प्रस्तावित विधेयक का प्रारूप वापस नहीं लेने तक उनका विरोध जारी रहेगा. वक्ताओं ने कहा कि विश्वविद्यालयों से जुड़े किसी भी महत्वपूर्ण विधेयक का उद्देश्य उच्च शिक्षा की गुणवत्ता, शैक्षणिक स्वायत्तता, पारदर्शिता और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करना होना चाहिए. साथ ही शिक्षकों, कर्मचारियों और विश्वविद्यालय प्रशासन के सुझावों पर गंभीरता से विचार करने के बाद ही ऐसे विधेयक लाए जाने चाहिए.
शांतिपूर्ण ढंग से उठाई आवाज
प्रदर्शन के दौरान शिक्षक संघ के सदस्यों ने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रखते हुए कहा कि उच्च शिक्षा के हितों की रक्षा के लिए शिक्षक समुदाय सदैव प्रतिबद्ध है. उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार शिक्षकों की भावनाओं और सुझावों पर सकारात्मक रूप से विचार करेगी. इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मी, अतिथि शिक्षक तथा कर्मचारी संघ के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और आंदोलन को अपना समर्थन दिया.
