बेगूसराय: असम से अकेले गांव लौटे चंद्रशेखर महतो का घर में मिला शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

बखरी थाना क्षेत्र के सोनमा गांव में शुक्रवार रात पैतृक घर से 45 वर्षीय चंद्रशेखर महतो का शव मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया. असम में परिवार संग रहने वाले महतो हाल ही में गांव लौटे थे. पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है.

Begusarai Old Man Found Dead: जिले के बखरी थाना क्षेत्र के सोनमा गांव में शुक्रवार देर रात पैतृक घर से 45 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी. मृतक की पहचान सोनमा दुर्गा स्थान निवासी रामबदन महतो के पुत्र चंद्रशेखर महतो के रूप में हुई है. सूचना मिलने पर पहुंची बखरी पुलिस ने घर का गेट खोलकर शव बरामद किया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया. फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है.

पत्नी और बच्चों को असम में छोड़कर गांव लौटे थे

जानकारी के अनुसार चंद्रशेखर महतो अपनी पत्नी पवन देवी और चार बच्चों के साथ असम में रहते थे. वहां वह एक होटल में मिस्त्री के रूप में काम करते थे. बताया गया कि 18 अगस्त को वह असम से अपने पैतृक गांव सोनमा लौटे थे. परिजनों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से परिवार में आपसी कलह चल रही थी. इसी वजह से वह पत्नी और बच्चों को असम में ही छोड़कर अकेले गांव स्थित अपने पैतृक घर में रहने लगे थे.

खाना देने पहुंची मां तो अंदर से बंद मिला गेट

शुक्रवार देर रात चंद्रशेखर की मां उन्हें खाना देने के लिए घर पहुंचीं. घर का गेट अंदर से बंद था. काफी प्रयास करने के बाद भी अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. इसके बाद उन्होंने परिवार के अन्य सदस्यों को इसकी जानकारी दी. असम में रह रहे चंद्रशेखर के पुत्र को भी फोन कर घटना की जानकारी दी गयी. पुत्र ने तत्काल बखरी पुलिस को सूचना दी.

पुलिस ने गेट खोलकर बरामद किया शव

सूचना मिलते ही बखरी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने घर का गेट खोलकर अंदर प्रवेश किया तो चंद्रशेखर महतो का शव घर के अंदर पड़ा मिला. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया, जहां शनिवार को पोस्टमार्टम कराया गया.

मृतक की तस्वीर

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह

चंद्रशेखर महतो की मौत कैसे हुई, फिलहाल इसकी स्थिति स्पष्ट नहीं है. पुलिस के अनुसार मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा. पुलिस ने घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है.

परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटायी जा रही है. पैतृक घर से शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गयी हैं. हालांकि मौत की वास्तविक वजह पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vikash Kumar

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >