18 जुलाई को लगेगी स्पेशल लोक अदालत, एनआई एक्ट के मामलों के निपटारे की तैयारी तेज

Begusarai News : जिला विधिक सेवा प्राधिकार, बेगूसराय 18 जुलाई को स्पेशल लोक अदालत आयोजित कर रहा है. इसका मुख्य उद्देश्य एनआई एक्ट के लंबित मामलों को आपसी समझौते से निपटाना है. यह न्याय पाने का एक सरल, त्वरित और किफायती तरीका प्रदान करेगा.

Begusarai News : जिला विधिक सेवा प्राधिकार, बेगूसराय द्वारा 18 जुलाई को आयोजित होने वाली स्पेशल लोक अदालत की तैयारियां तेज कर दी गई हैं. इसी क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव सह अवर न्यायाधीश करुणानिधि प्रसाद आर्य की अध्यक्षता में जिला एवं अनुमंडल न्यायालय, बेगूसराय के सभी न्यायिक अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में स्पेशल लोक अदालत के सफल आयोजन को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई.

एनआई एक्ट के मामलों का होगा आपसी समझौते से निपटारा

बैठक को संबोधित करते हुए सचिव करुणानिधि प्रसाद आर्य ने बताया कि इस विशेष लोक अदालत में मुख्य रूप से परक्राम्य लिखत अधिनियम (एनआई एक्ट) से संबंधित लंबित मामलों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर अधिक से अधिक निष्पादन किया जाएगा. उन्होंने सभी न्यायिक अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने न्यायालयों में लंबित एनआई एक्ट के मामलों की सूची तैयार करें तथा संबंधित पक्षकारों को स्पेशल लोक अदालत की जानकारी देकर आपसी समझौते के माध्यम से विवादों के समाधान के लिए प्रेरित करें.

लोक अदालत से मिलेगा त्वरित और कम खर्च में न्याय

सचिव ने कहा कि लोक अदालत न्याय प्राप्त करने का सरल, त्वरित और कम खर्चीला माध्यम है. इसके जरिए पक्षकारों को शीघ्र न्याय मिलने के साथ समय और धन की बचत होती है. साथ ही न्यायालयों में लंबित मामलों का बोझ भी कम होता है. उन्होंने सभी न्यायिक पदाधिकारियों से अधिक से अधिक मामलों का आपसी सहमति के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित करने का आह्वान किया.

बैठक में कई न्यायिक अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी कविता कुमारी, अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी विवेक कुमार वर्मा, अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी पंचम श्रेणी रंजन कुमार, प्रथम एवं द्वितीय श्रेणी के सभी न्यायिक दंडाधिकारी तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार के लोक अदालत सहायक सौरव कुमार उपस्थित रहे.

स्पेशल लोक अदालत को सफल बनाने का लिया संकल्प

बैठक के अंत में सभी न्यायिक अधिकारियों ने 18 जुलाई को आयोजित होने वाली स्पेशल लोक अदालत को सफल बनाने के लिए समन्वित प्रयास करने का आश्वासन दिया. जिला विधिक सेवा प्राधिकार का उद्देश्य अधिक से अधिक मामलों का सौहार्दपूर्ण समाधान कर पक्षकारों को त्वरित न्याय उपलब्ध कराना है.

Also Read : गया जी में 30 फीट गहरे बोरवेल में गिरे 3 वर्षीय पीयूष को 7 घंटे बाद सकुशल निकाला, NDRF-SDRF के सफल रेस्क्यू से गांव में खुशी



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Vikash Kumar

Published by: Yuvraj Ratan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >