तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने मासूम को उड़ाया, मौके पर ही मौत, मुआवजे को लेकर लोगों ने किया सड़क जाम

Begusarai News : बेगूसराय में सोमवार की सुबह तेज रफ्तार कर की टक्कर से मासूम की मौत हो गई. इस घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर मुआवजे की मांग की. फरार चालक की तलाश में पुलिस की छापेमारी जारी है.

Begusarai News (विकाश मिश्र) : बखरी-मंझौल मुख्य सड़क पर सोमवार की सुबह तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्कॉर्पियो की चपेट में आने से एक मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई.घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया,जबकि आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे और दोषी चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया.घटना नावकोठी थाना क्षेत्र अंतर्गत पहसारा पूर्वी पंचायत के पीरनगर वार्ड संख्या 10 की है.

सड़क पार करने के दौरान हुआ भीषण हादसा

मृत बच्ची की पहचान राजो पासवान की करीब छह वर्षीय पुत्री अंशिका कुमारी के रूप में की गई है. बताया जाता है कि अंशिका सोमवार की सुबह क़रीब दस बजे घर से निकलकर सड़क पार कर रही थी.इसी दौरान बखरी की ओर से मंझौल जा रही तेज गति की एक स्कॉर्पियो ने उसे जोरदार ठोकर मार दी.टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्ची सड़क पर गिर पड़ी और उसके सिर में गंभीर चोट लग गई.

हादसे के बाद चालक हुआ फरार

अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई.हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया. घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई.मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल था. परिजनों ने बताया कि अंशिका चार भाई-बहनों में सबसे छोटी थी और पूरे परिवार की दुलारी थी.

हादसे के बाद बाधित हुआ यातायात

हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने बच्ची के शव को सड़क पर रखकर पहसारा-बखरी मार्ग को जाम कर दिया.ग्रामीण दोषी चालक की गिरफ्तारी,सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे थे.सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया.सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मो.फिरदौस एवं एसआई विश्वजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया.करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद सड़क जाम समाप्त कराया जा सका,जिसके बाद यातायात सामान्य हुआ. जनप्रतिनिधियों ने जताई चिंता

परिवार को सांत्वना देने पहुंचे जन प्रतिनिधि

घटना स्थल पर पहुंचे पूर्व विधायक सूर्यकांत पासवान, पहसारा पूर्वी पंचायत के मुखिया दिनेश यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी और ग्रामीणों को शांत कराया. पूर्व विधायक सूर्यकांत पासवान ने कहा कि बखरी-मंझौल पथ इलाके का मुख्य मार्ग है,लेकिन अब तक इसका चौड़ीकरण नहीं किया गया है.बढ़ती आबादी और तेज रफ्तार वाहनों के कारण इस सड़क पर आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं. उन्होंने सरकार से इस सड़क के चौड़ीकरण,प्रमुख चौक-चौराहों पर बैरिकेडिंग और यातायात सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है.

सदर अस्पताल भेज गया शव

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया है.साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है.वही फरार स्कॉर्पियो और चालक की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.

Also Read : ‘चैलेंज करने वाले अपराधियों को 48 घंटे में मिलेगा जवाब’, मंच से बोले सीएम सम्राट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Vivek Pandey

Published by: Vivek Ranjan

विवेक रंजन पांडेय का जन्म और पालन-पोषण बिहार के गौरवशाली इतिहास और ज्ञान की भूमि नालंदा में हुआ. इसी पावन धरती के संस्कारों ने उन्हें समाज और व्यवस्था को गहराई से देखने का नजरिया दिया. पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून को करियर बदलने के लिए उन्होंने पटना के आर्यभट्ट विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की डिग्री हासिल की. पिछले 7 वर्षों से टीवी चैनल के जरिए रिपोर्टिंग फील्ड में लगातार सक्रिय हैं. Network 10 National News Channel से करियर की शुरुआत की. उसके बाद कई संस्थानों में काम किया. शिक्षा और राजनीति के साथ कृषि, महिला सुरक्षा से जुड़े मुद्दे पर विशेष रूचि रखते हैं. पत्रकारिता की बारीकियों को सीखा और ग्राउंड जीरो पर रहकर जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया. वर्तमान में Prabhat Khabar के माध्यम से बिहार की खबरों को एक नया आयाम दे रहे हैं. वे बिहार की राजनीति के साथ-साथ देश की सियासी हलचलों पर भी पैनी नजर रखते हैं. अपने शानदार करियर में उन्होंने ​बिहार के वर्तमान मुख्यमंत्री जब वह उप मुख्यमंत्री थे तब इंटरव्यू किया. इसके साथ कैबिनेट के अधिकांश प्रमुख मंत्रियों का विशेष इंटरव्यू किया है. ​बिहार के शीर्ष नेताओं और नौकरशाहों को बहुत करीब से देखा, समझा और उनकी नीतियों का निष्पक्ष विश्लेषण किया. ​जटिल राजनीतिक घटनाक्रमों को बेहद सरल भाषा में जनता के सामने पेश किया है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >