Begusarai News: एक तरफ जहां पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण अभियान चलाए जा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ बरौनी के बीहट नगर परिषद क्षेत्र में पार्क और पेवर ब्लॉक फुटपाथ बनाने के नाम पर दशकों पुराने कीमती पेड़ों पर कुल्हाड़ी चलाई जा रही है. बीहट नगर परिषद अंतर्गत एपीएसएम कॉलेज से आरकेसी के बीच रेलवे और पीडब्ल्यूडी (PWD) की जमीन पर अवैध तरीके से फ्लाई ऐश (राख) गिराकर प्रदूषण फैलाने और सागवान के हरे-भरे पेड़ों को काटने का मामला सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है.
स्थानीय नागरिकों ने इसे सरकारी राजस्व की खुली लूट बताते हुए जिला प्रशासन और जिलाधिकारी से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी पदाधिकारियों पर कार्रवाई करने की मांग की है.
सर्विस रोड और ओवरब्रिज की प्रस्तावित जमीन पर पार्क बनाने की योजना पर सवाल
स्थानीय लोगों का आरोप है कि राजवाड़ा 61 स्पेशल गुमटी और 07बी स्पेशल अंबे सिनेमा रेलवे गुमटी के बीच ओवरब्रिज निर्माण प्रस्तावित है. दोनों ओवरब्रिज के बीच एपीएसएम कॉलेज से आरकेसी तक सर्विस रोड का निर्माण होना है.
- ऐसे में बिना किसी ठोस उपयोगिता के रेलवे और पीडब्ल्यूडी की जमीन पर पेवर ब्लॉक बिछाने, पार्क और ओपन जिम बनाने के नाम पर भारी भरकम सरकारी राशि का बंदरबांट किया जा रहा है.
- विभागीय योजनाओं के सीधे क्रियान्वयन पर रोक और केवल निविदा (Tender) के माध्यम से कार्य कराने के नियमों की अनदेखी कर यह निर्माण शुरू कराया गया है.
- वार्ड नंबर 03 कोल बोर्ड रोड की मुख्य सड़क के बीच फ्लाई ऐश गिराए जाने से वायु प्रदूषण बढ़ रहा है और दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है.
जिम्मेदार अधिकारियों के बयान
- वन विभाग (फॉरेस्ट): बरौनी प्रमंडल की वन पदाधिकारी अन्नु प्रिया पंडित ने बताया कि पेड़ों की अवैध कटाई की सूचना मिली है. जांच के लिए टीम मौके पर भेजी गई है और रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
- कॉलेज प्रशासन: एपीएसएम कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. मुकेश कुमार ने बताया कि कॉलेज ने पर्यावरण संरक्षण के तहत चारों तरफ सैकड़ों पेड़ लगाए थे. यदि कॉलेज के लगाए सागवान के पेड़ काटे जा रहे हैं, तो गढ़हरा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी.
- रेलवे प्रशासन: रेल पदाधिकारी (IEN बरौनी) अरविंद कुमार आर्य ने स्पष्ट किया कि रेलवे की भूमि पर किसी भी निर्माण या विकास कार्य के लिए किसी भी सिविल विभाग को कोई अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी नहीं किया गया है.
- नगर परिषद: बीहट नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अवनीश कुमार ने चकाचक पार्क निर्माण के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि केवल साफ-सफाई का कार्य कराया जा रहा है. हालांकि सड़क पर गिरा फ्लाई ऐश कुछ और ही स्थिति दर्शा रहा है.
स्थानीय नागरिकों ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया है कि अवैध रूप से काटे गए पेड़ों, सड़कों पर फैलाई गई राख और बिना एनओसी सरकारी धन के दुरुपयोग के इस पूरे प्रकरण की त्वरित जांच कर सख्त कदम उठाए जाएं.
