बेगूसराय से विकाश मिश्रा की रिपोर्ट
Begusarai Private Clinic Death : बरौनी थाना क्षेत्र के पपरौर गांव स्थित एक निजी क्लीनिक में इलाज के दौरान 60 वर्षीय सुन सुन पासवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने क्लीनिक में जमकर हंगामा किया. सूचना पर पहुंची बरौनी थाना पुलिस ने लोगों को शांत कराया और मामले की जांच शुरू कर दी.
परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
जानकारी के अनुसार भीषण गर्मी के बीच सुन सुन पासवान पेट में गैस और दर्द की शिकायत के कारण इलाज कराने गांव के एक निजी क्लीनिक पहुंचे थे. उनके पुत्र वीरेंद्र पासवान उन्हें इलाज के लिए लेकर गए थे. परिजनों का आरोप है कि क्लीनिक में मौजूद कंपाउंडर ने दोनों हाथों की नस में सुई लगाई, जिसके बाद एक हाथ तेजी से फूल गया और उनकी तबीयत बिगड़ने लगी.
कंपाउंडर और चिकित्सक के चले जाने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि सुई लगाने के बाद कंपाउंडर दवा लाने की बात कहकर चला गया, जबकि चिकित्सक भी कुछ देर में आने की बात कहकर क्लीनिक से निकल गए. इसी दौरान बुजुर्ग की हालत लगातार बिगड़ती गई और इलाज के अभाव में उनकी मौत हो गई.
घटना के बाद क्लीनिक में हंगामा
मौत की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए तथा क्लीनिक में हंगामा करने लगे. करीब दो घंटे बाद चिकित्सक क्लीनिक पहुंचे, जिसके बाद मामले की सूचना बरौनी थाना पुलिस को दी गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाकर शांत कराया.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
परिजनों ने रातभर शव को क्लीनिक पर ही रखा. शनिवार सुबह पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेजा. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट होंगे और उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़ें : पटना जंक्शन पर जाली नोट दिखाकर यात्रियों को बनाते थे शिकार, गिरोह का सरगना दिल्ली से गिरफ्तार, कई साथियों की तलाश जारी
