बेगूसराय पुलिस की अपील, अज्ञात महिला और लापता बच्चों की जानकारी देने पर मिलेगा ₹25 हजार तक का इनाम

Begusarai Police Announces Reward : बेगूसराय पुलिस ने अज्ञात महिला और दो लापता बच्चों की पहचान या उनके संबंध में सूचना देने वालों के लिए इनाम की घोषणा की है. पुरस्कार राशि ₹10 हजार से ₹25 हजार तक है. पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी.

Begusarai Police Announces Reward : बेगूसराय पुलिस ने एक अज्ञात महिला के शव की पहचान और लंबे समय से लापता दो बच्चों के संबंध में सूचना देने वालों के लिए इनाम की घोषणा की है. पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी.

अज्ञात महिला की पहचान बताने पर मिलेगा ₹10 हजार का इनाम

बेगूसराय पुलिस के अनुसार गढ़पुरा थाना क्षेत्र से 27 जून को करीब 24 वर्षीय अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था. महिला की लंबाई लगभग 5 फीट 3 इंच, रंग गोरा तथा बाल और आंखों का रंग काला बताया गया है. बरामदगी के समय उसने गुलाबी रंग का फूलदार सूट, लाल रंग का पैंट पहन रखा था और दाहिने हाथ में काले रंग का धागा बंधा हुआ था. इस मामले में गढ़पुरा थाना कांड संख्या 85/26 दर्ज है. महिला की पहचान बताने वाले को ₹10,000 का पुरस्कार दिया जाएगा. यह पुरस्कार योजना 15 जुलाई 2026 से प्रभावी है और दो वर्ष तक वैध रहेगी.

आयुष कुमार के संबंध में सूचना देने पर ₹25 हजार का पुरस्कार

मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पसपुरा वार्ड संख्या 17 निवासी कृष्ण कुमार मिश्रा के पुत्र आयुष कुमार 19 अप्रैल 2019 से लापता हैं. घटना के समय उनकी उम्र करीब छह वर्ष थी. इस मामले में मुफस्सिल थाना कांड संख्या 200/19 दर्ज है. पुलिस ने आयुष के संबंध में ठोस और विश्वसनीय सूचना देने वाले के लिए ₹25,000 का इनाम घोषित किया है. यह पुरस्कार योजना 13 मई 2025 से प्रभावी है और दो वर्ष तक वैध रहेगी.

कंचन कुमारी की जानकारी देने पर भी ₹25 हजार का इनाम

वीरपुर थाना क्षेत्र के पोखरिया वार्ड संख्या 37 निवासी राजीव कुमार साह की पुत्री कंचन कुमारी 29/30 नवंबर 2021 से लापता हैं. घटना के समय उनकी उम्र करीब 11 वर्ष थी. इस मामले में वीरपुर थाना कांड संख्या 152/21 दर्ज है. पुलिस ने कंचन कुमारी के संबंध में विश्वसनीय सूचना देने वाले के लिए भी ₹25,000 के पुरस्कार की घोषणा की है. यह योजना भी 13 मई 2025 से प्रभावी है और दो वर्ष तक वैध रहेगी.

सूचना देने वालों की पहचान रहेगी गोपनीय

बेगूसराय पुलिस ने कहा है कि इन तीनों मामलों से संबंधित कोई भी जानकारी मिलने पर संबंधित थाना या बेगूसराय पुलिस कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 9031828303 पर सूचना दी जा सकती है. सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी.

पुलिस ने नागरिकों से किया सहयोग का आग्रह

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि इन मामलों से जुड़ी कोई भी महत्वपूर्ण जानकारी हो तो उसे साझा करें. पुलिस का कहना है कि एक छोटी-सी सूचना भी किसी परिवार को अपने बिछड़े सदस्य तक पहुंचाने या किसी मामले की जांच को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है.

Also Read : बेगूसराय : पूर्व मध्य रेल ने दो स्पेशल ट्रेनों की सेवा बढ़ाई, जानें नई तारीख और पूरा शेड्यूल


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vikash Kumar

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >