घास लाने गयी महिला की करंट लगने से मौत, बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप

Begusarai News: बेगूसराय के बीहट में खेत में गिरे बिजली तार की चपेट में आने से घास लाने गयी 62 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गयी. घटना के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई और मुआवजे की मांग की है.

Begusarai News (बीहट से बिपिन राज की रिपोर्ट): बेगूसराय जिले के बीहट नगर परिषद क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में खेत में गिरे बिजली के तार की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गयी. घटना बीहट नगर परिषद के वार्ड संख्या-26 स्थित गुरूदासपुर टोला की है. मृतका की पहचान कारी यादव की 62 वर्षीय पत्नी कारवो यादव के रूप में की गयी है. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति भारी आक्रोश देखा गया.

घास लाने गयी थी महिला

जानकारी के अनुसार बुधवार की रात आये तेज आंधी-तूफान के कारण बिजली का तार टूटकर खेत में गिर गया था. गुरुवार की सुबह कारवो यादव अपने पशुओं के लिए खेत में घास लाने गयी थीं. इसी दौरान वह टूटे हुए बिजली तार की चपेट में आ गयीं, जिससे मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गयी.

परिजनों ने बताया कि जब काफी देर तक महिला घर वापस नहीं लौटीं, तब परिवार के लोग उनकी तलाश में निकल पड़े. काफी खोजबीन के बाद शाम में ग्रामीणों से खेत में शव पड़े होने की सूचना मिली. सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां महिला का शव खेत में पड़ा मिला.

बिजली विभाग पर लापरवाही का आक्रोश

घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि तेज हवा के कारण बिजली का तार रात में ही टूटकर गिर गया था, लेकिन बिजली विभाग को इसकी जानकारी तक नहीं थी. ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग की लापरवाही के कारण एक महिला की जान चली गयी. लोगों ने कहा कि यदि समय रहते टूटे तार को हटाया जाता या बिजली आपूर्ति बंद की जाती, तो यह हादसा टल सकता था.

पुलिस ने शुरू की जांच, मुआवजे की मांग

घटना की सूचना मिलते ही एफसीआई थानाध्यक्ष सुबोध कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने आवश्यक पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. इधर, घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी है. लोगों ने कहा कि घंटों तक खेत में बिजली का तार पड़ा रहा, लेकिन विभाग के अधिकारियों ने कोई संज्ञान नहीं लिया. ग्रामीणों ने दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई करने और मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है.

Also Read: बेगूसराय में युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, कमरे में पंखे से लटका मिला शव

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vikas Jha

विकाश झा प्रभात खबर में सीनियर कंटेंट राइटर हैं. डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता में छह वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में स्नातक तथा माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU), भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है.

पत्रकारिता की शुरुआत वर्ष 2020 में भोपाल से हुई, जिसके बाद उन्होंने ETV Bharat, Bharat Express और News24 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में विभिन्न जिम्मेदार भूमिकाओं का निर्वहन किया. News24 से आगे बढ़ते हुए उन्होंने Adglobal360 India Pvt. Ltd. के माध्यम से बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया तथा बिहार सरकार के विभिन्न विभागों की सोशल मीडिया टीमों में भी अपनी सेवाएं दीं.

स्पोर्ट्स, हाइपरलोकल और पॉलिटिकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. क्रिकेट के प्रति उनका गहरा लगाव है और वे क्रिकेट को सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि अपनी लेखनी का महत्वपूर्ण विषय मानते हैं. उन्हें यात्रा करना, नए लोगों और स्थानों को जानना तथा समाज और राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है.

मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले विकाश डिजिटल मीडिया की तेज रफ्तार दुनिया में तथ्यों पर आधारित, प्रभावशाली और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करने के लिए जाने जाते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >