बेगूसराय के यूको बैंक के बाहर चली गोली, कैश वैन गार्ड की बंदूक से घायल हुआ ऑफिस बॉय

Begusarai News: शहर के मारवाड़ी मोहल्ला स्थित यूको बैंक की मेन ब्रांच के पास शुक्रवार की दोपहर अचानक गोली चलने से अफरातफरी मच गई. कैश वैन के गार्ड की बंदूक से चली गोली से बैंक का एक डेली वेजेस ऑफिस बॉय गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

Begusarai News (विकाश मिश्रा): शहर के मारवाड़ी मोहल्ला स्थित यूको बैंक की मेन ब्रांच में शुक्रवार दोपहर उस समय अफरातफरी मच गई, जब बैंक गेट के पास अचानक गोली चल गई. गोली की आवाज सुनते ही आसपास के लोग दहशत में आ गए और बैंक परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. इस घटना में बैंक का डेली वेजेस ऑफिस बॉय 31 वर्षीय अनिल दीक्षित घायल हो गया. बताया जा रहा है कि गोली कैश वैन के गार्ड की बंदूक से अचानक चली, जो सीधे अनिल दीक्षित की जांघ में जा लगी. गोली लगते ही वह दर्द से तड़प उठा, जिसके बाद आनन-फानन में उसे इलाज के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया.

बैंक परिसर और बाजार में मच गया हड़कंप

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के बाद बैंक कर्मियों और ग्राहकों के बीच कुछ देर के लिए सन्नाटा पसर गया. लोगों को समझ ही नहीं आया कि आखिर बैंक परिसर में अचानक क्या हो गया. गोली चलने की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास के दुकानदार व स्थानीय लोग बैंक की ओर दौड़ पड़े. इसी बीच घायल अनिल दीक्षित के परिजनों को भी घटना की तत्काल सूचना दे दी गई.

कैश वैन का गार्ड हिरासत में, बंदूक जब्त

सूचना मिलते ही बेगूसराय टाउन थाना और रतनपुर थाना की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कैश वैन के गार्ड वरुण सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई बंदूक को भी जब्त कर लिया गया है. प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आ रही है कि गोली मिसफायर होने के कारण अचानक चल गई. हालांकि, पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और एहतियात के तौर पर बैंक परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है.

Also Read : बेगूसराय में करंट की चपेट में आए भाई-बहन, हालत गंभीर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aditya Kumar Ravi

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >