श्रावणी मेले को लेकर प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा और सुविधाओं की हुई समीक्षा, एसडीओ ने समयसीमा में काम पूरा करने को कहा

Begusarai News : हरिगिरिधाम गढ़पुरा में श्रावणी मेले की तैयारियां तेज, एसडीओ बोले- शुरू होने से पहले पूरे हों सभी निर्माण कार्य. नीचे पढ़िए पूरी खबर.

Begusarai News : मिथिलांचल की पावन शिवनगरी बाबा हरिगिरिधाम गढ़पुरा में आगामी श्रावणी मेले की तैयारियों को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है. मेले को लेकर एसडीओ अखिलेश कुमार ने अधिकारियों और मेला समिति के सदस्यों के साथ हरिगिरिधाम गढ़पुरा पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने मेले से पूर्व सभी निर्माण एवं विकास कार्यों को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने मंदिर परिसर, चहारदीवारी निर्माण, मुख्य द्वार निर्माण सहित अन्य विकास कार्यों का जायजा लिया. उन्होंने संबंधित विभागों और कार्य एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि श्रावणी मेला शुरू होने से पहले सभी निर्माण कार्य पूर्ण कर लिए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े. बैठक में मेले के आयोजन, सुरक्षा एवं सुव्यवस्थित संचालन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. एसडीओ ने कहा कि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त कर ली जाएं. उन्होंने मेला समिति और प्रशासनिक अधिकारियों को समन्वय बनाकर कार्य करने का निर्देश दिया.

भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था पर विशेष फोकस

श्रावणी मेले में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी व्यापक चर्चा हुई. एसडीओ ने बैठक में मौजूद अधिकारियों को भीड़ नियंत्रण, पार्किंग, बैरिकेडिंग और आवागमन की सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए. इस अवसर पर मेला समिति के पदाधिकारियों ने मेले के दौरान आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग रखी. एसडीओ ने संबंधित विभागों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.

दुकानदारों को दिए महत्वपूर्ण निर्देश

निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने मंदिर परिसर और आसपास के दुकानदारों को भी कई आवश्यक निर्देश दिए. उन्होंने दुकानों के आगे मूल्य सूची अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने को कहा, ताकि श्रद्धालुओं को उचित दर पर सामान उपलब्ध हो सके. इसके साथ ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने तथा साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया गया. एसडीओ ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने बिजली विभाग को भी निर्देश दिया कि मेले के दौरान सुरक्षित एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए. साथ ही सभी दुकानदारों को अग्निशमन और सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई. निरीक्षण के दौरान मेला समिति के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, पुलिस प्रशासन तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने श्रावणी मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए समन्वित प्रयास करने का भरोसा दिलाया.

Also Read : जन शिकायतों पर सरकार गंभीर, गांव में ही होगा समस्याओं का समाधान, प्रभारी मंत्री का अधिकारियों को स्पष्ट संदेश

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Yuvraj Ratan

पटना जन्मस्थली है मेरी, निष्पक्ष, तथ्यात्मक और जनहित आधारित पत्रकारिता में विश्वास करता हूं. वर्तमान में मेरा उद्देश्य बिहार के स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाना और पाठकों तक सत्यापित जानकारी पहुंचाना है. किसी भी समाचार को प्रकाशित करने से पहले उपलब्ध तथ्यों और स्रोतों का सत्यापन करना मेरी प्राथमिकता है. पाठकों को विश्वसनीय, निष्पक्ष और जनहितकारी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हूं.

प्राथमिक शिक्षा संत जेवियर्स हाई स्कूल, पटना से पूरी करने के बाद संत जेवियर्स कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नॉलजी से बैचलर्स ऑफ मास कम्यूनिकेशन से स्नातक किया हूं. 2020 से पटना स्थित मीडिया संस्थान न्यूज 4 नेशन में एंकर सह प्रोड्यूसर के पद पर डेढ़ वर्षों तक काम किया. इसके उपरांत जून 2022 से इंडियन पॉलिटिकल एक्शन कमिटी (I-PAC) में सीनियर एग्जीक्यूटिव के पद पर रहते हुए डिजिटल कम्यूनिकेशन टीम में कार्य करने का मौका मिला. वर्तमान में प्रभात खबर में कंटेंट राइटर के पद पर हूं इसके माध्यम से नागरिकों के पास तथ्यात्मक और सही सूचनाएँ, खबर और अपडेट देने का कार्य कर रहा हूं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >