Begusarai News: (विकाश मिश्रा की रिपोर्ट) बेगूसराय जिला मुख्यालय स्थित दिनकर कला भवन में दैनिक समाचार पत्र ‘प्रभात खबर’ की ओर से आयोजित ‘अपराजिता महिला सम्मान समारोह’ का भव्य और गरिमामय आयोजन किया गया. इस खास समारोह का उद्घाटन मुख्य अतिथि बेगूसराय की मेयर पिंकी देवी, तेघड़ा विधायक रजनीश कुमार, उपमेयर अनिता राय, पूर्व मेयर संजय कुमार, बीहट नगर परिषद के उप मुख्य पार्षद ऋषिकेश कुमार, एलेक्सिया हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. धीरज शांडिल्य, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. सुरेश प्रसाद राय, अशोक कुमार सिंह अमर तथा प्रभात खबर बेगूसराय के ब्यूरो चीफ बिपिन कुमार मिश्रा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया.
प्रभात खबर सिर्फ अखबार नहीं, सामाजिक सरोकार का माध्यम: ब्यूरो चीफ
समारोह में अतिथियों का स्वागत करते हुए प्रभात खबर के ब्यूरो चीफ बिपिन कुमार मिश्रा ने कहा कि प्रभात खबर केवल समाचारों के प्रकाशन तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और उत्कृष्ट कार्य करने वाली आधी आबादी को पहचान दिलाने के लिए हमेशा तत्पर रहता है. उन्होंने कहा कि ‘अपराजिता महिला सम्मान समारोह’ का मुख्य उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को एक मंच प्रदान करना और उनके संघर्ष व सफलता की कहानी को समाज के सामने लाना है.
महिलाएं समाज के लिए प्रेरणास्रोत: मेयर पिंकी देवी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मेयर पिंकी देवी ने प्रभात खबर के प्रयासों की सराहना की. उन्होंने कहा कि प्रभात खबर निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों का भी सफल आयोजन करता रहा है. सम्मानित होने वाली महिलाओं को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए मेयर ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर नई ऊंचाइयों को छू रही हैं. ऐसे में उन्हें सम्मानित करना एक सराहनीय और ऊर्जा देने वाली पहल है.
तेघड़ा विधायक रजनीश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि उन्होंने प्रभात खबर को उसके शुरुआती दौर से देखा है. आज यह समाचार पत्र अपनी विश्वसनीयता के बल पर समाज में एक विशेष पहचान बना चुका है. उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रही महिलाओं का योगदान समाज और राष्ट्र के विकास में बेहद महत्वपूर्ण है.
विभिन्न क्षेत्रों से चुनी गईं 10 जांबाज महिलाएं हुईं सम्मानित
समारोह के दौरान शिक्षा, सामाजिक सेवा, स्वास्थ्य, कला-संस्कृति तथा अन्य क्षेत्रों में लीक से हटकर उल्लेखनीय कार्य करने वाली जिले की 10 चुनिंदा महिलाओं को ‘अपराजिता महिला सम्मान’ से नवाजा गया. जैसे ही इन महिलाओं को मंच पर सम्मानित किया गया, पूरा सभागार देर तक तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा.
कवि सम्मेलन: एहसान कुरैशी और नम्रता दास ने बांधा समां
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में सांस्कृतिक व हास्य रस का तड़का लगा. देश के प्रसिद्ध हास्य कवि एहसान कुरैशी तथा जानी-मानी कवयित्री नम्रता दास ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से श्रोताओं का भरपूर मनोरंजन किया. एहसान कुरैशी के हास्य और व्यंग्य से भरपूर काव्य पाठ ने दिनकर कला भवन के सभागार को ठहाकों से सराबोर कर दिया, वहीं नम्रता दास की रचनाओं को भी दर्शकों की खूब वाहवाही मिली.
इस अवसर पर बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी, महिला प्रतिनिधि एवं शहरवासी उपस्थित रहे. कार्यक्रम का समापन सम्मानित महिलाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना तथा महिला सशक्तिकरण के कड़े संकल्प के संदेश के साथ हुआ.
Also Read: बेगूसराय में BPSC शिक्षक की शर्मनाक करतूत, नाबालिग छात्रा से की अश्लील हरकत, गिरफ्तार
