Begusarai News: मिथिलांचल के प्रसिद्ध झमटिया गंगा घाट पर सावन की अंतिम सोमवारी को आयोजित होने वाले सावन महोत्सव की तैयारियों को लेकर बुधवार को एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता तेघड़ा के अनुमंडलाधिकारी (SDO) नीरज सिन्हा ने की, जबकि मंच संचालन प्रभाकर कुमार ने किया. बैठक में सावन महोत्सव के सफल संचालन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई.
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
बैठक में तेघड़ा डीएसपी कृष्ण कुमार, बछवाड़ा बीडीओ अमित कुमार, सीओ प्रीतम गौतम, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मनोज कुमार, थानाध्यक्ष परेंन्द्र कुमार और जीआरपी प्रभारी समेत आयोजन समिति के सदस्य व स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. बैठक के दौरान स्थानीय लोगों और समाजसेवियों ने अधिकारियों को झमटिया घाट पर आने वाली समस्याओं से अवगत कराया. एसडीओ नीरज सिन्हा ने आश्वासन दिया कि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए झमटिया घाट पर बैरिकेडिंग, गोताखोरों की तैनाती, लाइट और SDRF टीम की समुचित व्यवस्था की जाएगी.
सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस बल और मजिस्ट्रेट होंगे तैनात
तेघड़ा डीएसपी कृष्ण कुमार ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया जाएगा. झमटिया गंगा घाट से लेकर सूरो, मुरलीटोल, फतेहा, चिरंजीवीपुर तथा बेगूसराय एवं समस्तीपुर जिले के बॉर्डर रसीदपुर पंचायत तक सुरक्षाकर्मी और मजिस्ट्रेट मुस्तैद रहेंगे. साथ ही किसी भी आपात स्थिति के लिए मेडिकल टीम और नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) स्थापित किया जाएगा.
यातायात नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन पर जोर
स्थानीय लोगों ने सुझाव दिया कि दलसिंहसराय और जीरोमाइल के समीप बड़े वाहनों को रोका जाए, जिससे पैदल चलने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में कोई असुविधा न हो और सड़क हादसों को रोका जा सके. मौके पर राजस्व अधिकारी रत्नेश्वर दास, अंचल निरीक्षक, पंचायत समिति सदस्य सिकंदर कुमार, समाजसेवी विजय शंकर दास, सुमन कुमार चौधरी, नलनीरंजन कुमार, उपेंद्र यादव, राममूर्ति कुमार, पप्पू कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.
