Begusarai News(एस एम बेग):जिले के नावकोठी थाना क्षेत्र अंतर्गत सैदपुर रोड पर दीपिका ज्वेलर्स के मालिक संतोष कुमार के साथ हुई सोने और नकदी की बड़ी लूटपाट का पुलिस ने रविवार को चौंकाने वाला खुलासा किया है. इस पूरे लूटकांड का मुख्य सूत्रधार (मास्टरमाइंड) पीड़ित व्यवसायी का अपना सगा फुफेरा भाई ही निकला, जिसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर इस खूनी साजिश को अंजाम दिया था. पुलिस ने इस मामले में मास्टरमाइंड सहित तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं.
हथियार के बल पर हुई थी ₹55 हजार व सोने-चांदी की लूट
नावकोठी थानाध्यक्ष मोहम्मद फिरदौस ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि विष्णुपुर पंचायत के गौरीपुर और सैदपुर के बीच मुशहरी जान के समीप अज्ञात अपराधियों ने दीपिका ज्वेलर्स के मालिक सह गौरीपुर निवासी संतोष कुमार को हथियार के बल पर बंधक बना लिया था. अपराधी उनसे ₹55,000 नगद और लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात लूटकर फरार हो गए थे. इस संबंध में पीड़ित के बयान पर नावकोठी थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई थी.
फुफेरे भाई ने ही रची थी पूरी साजिश
थानाध्यक्ष ने बताया कि तकनीकी और वैज्ञानिक अनुसंधान के क्रम में पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले. कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस ने सबसे पहले मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रजौड़ा निवासी गुड्डू कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की. कड़ाई से पूछताछ करने पर जो सच सामने आया, उसने सबको चौंका दिया. गुड्डू कुमार कोई और नहीं, बल्कि पीड़ित व्यवसायी संतोष कुमार का सगा फुफेरा भाई है. उसने स्वीकार किया कि उसे संतोष के आने-जाने और गहने-नकदी ले जाने के समय की सटीक जानकारी थी, जिसका फायदा उठाकर उसने पूरी प्लानिंग की.
निशानदेही पर गिरोह के दो और शूटर गिरफ्तार
मास्टरमाइंड गुड्डू कुमार की निशानदेही और कुबूलनामे के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस कांड में शामिल दो अन्य मुख्य बदमाशों को भी दबोच लिया. गिरफ्तार अपराधियों की पहचान विशाल कुमार( पिता- रंजीत महतो, निवासी- नौला, थाना- वीरपुर) धर्मवीर कुमार( पिता- मंटू ठाकुर, निवासी- नौला, थाना- वीरपुर) के रूप में की गयी है.
पुलिस ने इन अपराधियों के पास से लूट की वारदात को अंजाम देने के लिए इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की हैं.
सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम
इस जघन्य लूटकांड का महज कुछ ही दिनों में सफल खुलासा करने वाली पुलिस टीम में नावकोठी थानाध्यक्ष मोहम्मद फिरदौस के साथ सब-इंस्पेक्टर विश्वजीत कुमार, रंजीत कुमार, मिथिलेश कुमार एवं बिहार पुलिस के सशस्त्र बल के जवान मुख्य रूप से शामिल थे. पुलिस अब गिरफ्तार अपराधियों के आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है और लूटे गए जेवरातों की शत-प्रतिशत बरामदगी के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है.
Also Read:बेगूसराय में ईंट भट्ठा कर्मी के अपहरण की सूचना निकली झूठी, पुलिस ने युवक को किया बरामद
