Begusarai News : ( शशिकांत प्रसाद ) बेगूसराय जिले के गढ़पुरा प्रखंड के दुनही में आयोजित सम्मान समारोह में सहरसा विधायक सह आईआईपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आईपी गुप्ता ने आरक्षण को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा.
उन्होंने कहा कि जो पार्टी आरक्षण देगी, उनका समाज उसी के साथ रहेगा. उन्होंने दावा किया कि बीजेपी के विधायक और मंत्री उनके पास आकर केंद्र और बिहार सरकार में मंत्री बनाने का ऑफर दे चुके हैं.
पद या ऑफर की जरूरत नहीं समाज को आरक्षण चाहिए
लेकिन उन्हें किसी पद या ऑफर की जरूरत नहीं है. बल्कि समाज को आरक्षण चाहिए. इंजीनियर आईपी गुप्ता ने कहा कि जदयू और बीजेपी के नेताओं ने चुनाव के समय तांती-तत्मा समाज को आरक्षण देने का वादा किया था.
लेकिन सरकार बनने के बाद एनडीए अपने वादे से पीछे हट रही है. उन्होंने कहा कि अब समाज को आंदोलन की जरूरत है और वे आरक्षण लेकर ही रहेंगे.
मर जाएंगे, मिट जाएंगे, लेकिन समाज की लड़ाई से पीछे नहीं हटेंगे
उन्होंने कहा कि मर जाएंगे, मिट जाएंगे, लेकिन समाज के हक की लड़ाई से पीछे नहीं हटेंगे. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का नाम लेते हुए कहा कि आंदोलन इतना मजबूत किया जाएगा कि केंद्र सरकार को आरक्षण देना ही पड़ेगा.
एकजुट होकर अपने अधिकार की लड़ाई लड़ने का आह्वान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारतीय पान महासंघ के प्रदेश प्रवक्ता खुशबू ने कहा कि अब समाज कमजोर नहीं रहा. समाज के लोगों को मजबूत नेतृत्व मिल चुका है और इंजीनियर आईपी गुप्ता समाज की मजबूत रीढ़ बनकर उभरे हैं.
उन्होंने समाज के लोगों से एकजुट होकर अपने अधिकार की लड़ाई लड़ने का आह्वान किया. समारोह में प्रखंड अध्यक्ष रामबालक दास, रामकिशोर प्रसाद, अखिल कुमारी, पार्टी के जिलाध्यक्ष डॉ विनोद तांती, हरि प्रसाद दास सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद थे.
