Begusarai News: चोर समझकर फायरमैन की बेरहमी से पिटाई, युवक लापता; परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

Begusarai News: साहेबपुरकमाल थाना क्षेत्र में भीड़ के हमले के बाद से युवक का नहीं मिला सुराग, परिवार में मचा कोहराम पढिए पूरी खबर

Begusarai News: (अजय कुमार) बेगूसराय जिले के साहेबपुरकमाल थाना क्षेत्र के फूल मलिक गांव के समीप स्थित एसवाईएम ईंट चिमनी में कार्यरत फायरमैन राहुल पासवान शुक्रवार की आधी रात संदिग्ध परिस्थिति में लापता हो गया.आरोप है कि स्थानीय लोगों ने उसे चोर समझकर बेरहमी से पीटा,जिसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है.घटना को लेकर इलाके में सनसनी फैल गई है.

दीवार फांदकर घर में घुसने की भनक

लापता राहुल पासवान उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिला अंतर्गत हरिचंद्रपुर थाना क्षेत्र के लखना खेत गांव निवासी निहोरे पासवान का पुत्र बताया गया है.मामले में राहुल के सहकर्मी एवं रायबरेली निवासी सूर्यकरण ने साहेबपुरकमाल थाना में आवेदन देकर आधा दर्जन से अधिक लोगों पर राहुल की हत्या कर शव गायब कर देने का आरोप लगाया है.इधर घटना के संबंध में स्थानीय लोगों द्वारा बताया जा रहा है कि शुक्रवार की आधी रात फूल मलिक गांव में एक युवक के दीवार फांदकर घर में घुसने की भनक मिलते ही घरवालों ने शोर मचाना शुरू कर दिया.चोर-चोर की आवाज सुनकर आसपास के लोग जुट गए और भाग रहे युवक का पीछा करते हुए चिमनी परिसर तक पहुंच गए.

लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच

आरोप है कि वहां मौजूद राहुल पासवान को पकड़कर लोगों ने कुदाल, लोहे की रॉड एवं अन्य हथियारों से जमकर पिटाई कर दी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमले के दौरान राहुल किसी तरह जान बचाकर वहां से भागने लगा,लेकिन कुछ लोग उसका पीछा करते रहे.इसके बाद से वह रहस्यमय तरीके से लापता है.घटना के बाद से परिजनों और सहकर्मियों में दहशत का माहौल बना हुआ है.सूचना मिलते ही साहेबपुरकमाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चिमनी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की.पुलिस ने फुटेज के आधार पर चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस पूरे मामले की गहन छानबीन में जुटी हुई है तथा लापता राहुल की तलाश जारी है.

Also Read: Begusarai News: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10.89 ग्राम स्मैक के साथ धंधेबाज गिरफ्तार, बाइक और दो मोबाइल भी जब्त

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vivek Ranjan

विवेक रंजन टीवी चैनल के माध्यम से पिछले 6 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हूं . करियर की शुरुआत Network 10 से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहा हूं. देश और राज्य की राजनीति, कृषि और शिक्षा में रुचि रखते हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >